मोहल्ला अस्सी के एक सीन में सनी देओल के साथ साक्षी तंवर
लंबे अरसे से सेंसर बोर्ड में अटकी सनी देओल की फिल्म ‘मोहल्ला अस्सी’ की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। ये फिल्म 16 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट ने इस फिल्म को सिर्फ एक कट के साथ रिलीज करने का आदेश दिया है। इसके बाद फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दे दिया गया है।
मशहूर लेखक डा. काशीनाथ सिंह के चर्चित उपन्यास ‘काशी का अस्सी’ पर आधारित ‘मोहल्ला अस्सी’ में सनी देओल के साथ साक्षी तंवर और रवि किशन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग अस्सी घाट और उसके आसपास के इलाकों में हुई थी। शुक्रवार को इस फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज हुआ, जिसमें काशी की झलक है।
सात साल पहले बनी यह फिल्म गालियों की भरमार और विवादित डायलॉग्स की वजह से अटकी हुई थी। फिल्म में काशी की गलियां, क्षेत्रीय भाषा और अंदाज काफी जुदा दिखाई देगा। इसमें सनी देओल का किरदार एक पंडा का होगा, जो काशी के घाटों पर पूजा-पाठ करते दिखाई देंगे।