फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: जमीन विवाद में मारपीट, गर्भवती महिला के पेट में बच्चे की मौत, बुजुर्ग घायल

Sat, 01 Jul 2023 11:40 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के धौरहरा गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गर्भवती महिला और उसके ससुर घायल हो गए। उपचार के दौरान महिला ने आठ माह के मृत बच्चे को जन्म दिया। घायल महिला बीएचयू अस्पताल में भर्ती है। 
विज्ञापन
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के धौरहरा गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गर्भवती महिला और उसके ससुर घायल हो गए। उपचार के दौरान महिला ने आठ माह के मृत बच्चे को जन्म दिया। घायल महिला बीएचयू अस्पताल में भर्ती है। चौबेपुर थाने की पुलिस ने नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में महिला के पति अजय सोनकर की तहरीर के आधार पर चौबेपुर थाने में पांच लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


धौरहरा गांव निवासी अजय सोनकर ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद में गांव के ही शिवशंकर सिंह ने चार-पांच लोगों के साथ उसकी पत्नी गीता सोनकर और पिता नंदू को लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया। गीता के इलाज के दौरान आठ माह का बच्चा पेट में ही दम तोड़ दिया। गीता की हालत गंभीर होने पर बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पांच लोगों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज

शनिवार को नवजात का शव लेकर अजय के परिवार की महिलाएं चौबेपुर थाने पहुंचीं। पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कैथी चौकी प्रभारी काशीनाथ उपाध्याय ने बताया कि पांच लोगों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी राणा सिंह ने कहा कि गांव के शिवशंकर सिंह का अजय व उसके पिता नंदू बटाई पर खेत लिए हैं। इस बार शिवशंकर सिंह ने खेत जोतने को मना किया था और दूसरे को बटाई पर देना था। अजय ने खेत की जुताई कर दी। इस पर शिवशंकर सिंह के बेटे और भतीजे ने जाकर पूछा कि खेत क्यों जोते हो। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। कहासुनी के दौरान गर्भवती महिला मौके पर नहीं थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।

सारनाथ थाने के समीप निर्माणाधीन नाली में मिला युवक का शव

सारनाथ थाने के समीप जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के गेट के बाहर निर्माणाधीन नाली में शनिवार की सुबह एक ऑटो चालक का शव मिला। ऑटो चालक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव लेने आई एंबुलेंस का घेराव कर दिया और कार्यदायी संस्था से ऑटो चालक के परिजनों को आर्थिक मदद की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिन के अंदर सभी नालों और मेनहोल को बंद नहीं किया गया तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।

डायट की बाउंड्री वॉल तीन दिन पहले बारिश के कारण गिर गई थी। उसकी मरम्मत के लिए शनिवार की सुबह मजदूर पहुंचे तो उन्होंने दीवार से सटी निर्माणाधीन नाली में एक युवक का शव देखा। सूचना के आधार पर सारनाथ थाने की पुलिस आई। लगभग दो घंटे बाद शव की पहचान गाजीपुर जिले के खानपुर थाना के गढ़नपुर गांव के मूल निवासी ऑटो चालक राम प्रवेश गौड़ (25) के रूप में हुई। वह अपने परिजनों के साथ डायट परिसर में रहता था। चार भाइयों में सबसे छोटे राम प्रवेश के बड़े भाई राकेश ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को ऑटो से बड़ी बहन सुमन को चंदौली छोड़ने गया था। रात आठ बजे के लगभग राम प्रवेश उससे सारनाथ स्टेशन के समीप मिला था।

इसके बाद ऑटो लेकर घर जा रहा था। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के समीप कार्यदायी संस्था द्वारा खोदी गई सड़क में राम प्रवेश का ऑटो फंस गया था। वह वहां से पैदल ही घर की तरफ बढ़ा। डायट का गेट बंद होने के कारण टूटी हुई बाउंड्री की ओर से जाने का प्रयास किया और उसका पैर फिसल गया। इसी वजह से वह नाली में गिर गया और सरिया सिर धंस जाने से उसकी मौत हो गई। उधर, सारनाथ थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

करंट की चपेट में आने से राजगीर की मौत

रमईपट्टी में एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से बीरापट्टी निवासी राजगीर विनोद प्रजापति (42) की मौत हो गई। शिवपुर क्षेत्र निवासी एक चिकित्सक रमईपट्टी में अपना मकान बनवा रहे हैं। चिकित्सक के निर्माणाधीन मकान में विनोद काम करता था। रोजाना की तरह शनिवार को भी वह काम कर रहा था। काम के दौरान वह लोहे का सरिया उठा कर एक जगह से दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। वही सरिया मकान के ऊपर से गुजरे हुए बिजली के तार से छू गया और करंट की चपेट में आने से विनोद की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दो बेटों के पिता विनोद की मौत की खबर सुनकर पत्नी सरोज देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन

मिट्टी की दीवार गिरी, महिला की मौत

धन्नीपुर गांव में शनिवार की शाम बारिश के दौरान मिट्टी की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के पति और पोता घायल हुए हैं। घायल छेदी धरकार ने बताया कि उनकी झोपड़ी की दीवार मिट्टी की है। पानी लगने के कारण दीवार गिर गई। वह, उनकी पत्नी बसंती (44) और पोता रंजीत उसी दीवार के समीप बैठे थे। दीवार गिरने से उसके मलबे में तीनों लोग दब गए। आनन-फानन तीनों को समीप के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बसंती की मौत हो गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें