साथ ही डीआरडीओ में 40 मीट्रिक टन के नए ऑक्सीजन प्लांट लगने के साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लग रहे हैं। जिसमें दो जगहों पर प्लांट लग गए हैं और 5 और भी लग रहे हैं। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि जून महीने के अंत तक जिले की सभी सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट लग जाएंगे जिससे कि लोगों को इलाज में किसी तरीके की कोई संकट नहीं होगी।
इस दिशा में भी काम शुरू हो गया है। कमिश्नर ने प्रेजेंटेशन में बताया कि शहरी,ग्रामीण इलाकों में 1.25 लाख लोगों तक दवा भी पहुंची है। ग्रामीण इलाकों में 95000 और शहरी इलाकों में 30,000 है। इसके अलावा आयुष 64 मेडिसिन का वितरण किया जा रहा है।
पीएम मोदी की वाराणसी के प्रयासों की सराहना के बाद अब देश में कोरोना से जंग में बनारस मॉडल बनेगा। यहां के ट्रैस, ट्रैक और ट्रीट के साथ अधिकारियों का समन्वय, कंटेमेंट जोन बनाकर घर-घर का अभियान सहित प्रयासों को बताया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 95 हजार परिवारों तक लक्षण वाले मरीजों की तलाश कर उन तक दवा पहुंचाने का अभियान भी मील का पत्थर साबित होने लगा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महामारी के इस दौर में काशी ने जिस तरीके से न केवल वाराणसी बल्कि पूर्वांचल और बिहार के जिलों के लोगों की सेवा की, उसे केवल प्रदेश नहीं, बल्कि पूरे देश में रोल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। इसकी सराहना भी हो रही है।
आईसीयू में बेड बढ़ाने की बात हो या ऑक्सीजन का संकट दूर करने या फिर कम समय में 750 बेड का डीआरडीओ अस्पताल तैयार कराया जाना यह अपने आप में एक अनूठी मिसाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ आशा और एएनएम की भूमिका को भी अहम बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापारियों के द्वारा दुकान बंद रखने के आह्वान की भी सराहना की। कहा कि ग्रामीण इलाकों में इलाज के साथ-साथ माइक्रो कंटेनमेंट जोन में जिस तरह से दवाओं का वितरण किया गया, उससे बहुत हद तक व्यवस्था पर नियंत्रण पाने में सफलता मिली। पीएम मोदी ने जन कल्याणकारी योजनाओं को भी कोरोना की लड़ाई में सहायक मानते हुए कहा कि आयुष्मान योजना, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत योजना के साथ ही पूरे विश्व में जिस तरह योग को बढ़ावा दिया गया। यह भी कोरोना की लड़ाई लड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सामूहिक प्रयास और बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से काशी कोरोना से जंग जीतेगी। मेरी काशी के लोग मरीज, बुजुर्गों की परिवार के सदस्य के तौर पर मदद की। दवा से लेकर खाने तक की चिंता नहीं करनी पड़ी। मां अन्नपूर्णा की नगरी और साधना के तप से इस महामारी में काशी ने खुद को संभाला है।
उन्होंने कहा, महामारी के दौर में काशी में लोगों ने जिस तरह से मोर्चा सभाला अब इसकी चर्चा देश में हो रही है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों के कार्यों के जितनी सराहना की जाय कम है। कोरोना से चल रही लड़ाई में योग और आयुष ने बड़ी ताकत दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महादेव की नगरी में लोगों ने आध्यात्मिक क्षमता के साथ सेवा का परिचय दिया है।