सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि वाराणसी जिले में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक करीब 95 प्रतिशत तक लोगों को पहली डोज का टीका लगाया जा चुका है। बाकी को भी डोर टू डोर अभियान चलाकर टीकाकरण किया जा रहा है। कुछ लोग जो अभी भी टीका के प्रति जागरूक नहीं है, उनके घर स्वास्थ्य टीम पहुंचकर जागरूक भी कर रही है।
एक नजर में टीकाकरण का ग्राफ
- कुल लक्ष्य करीब 29 लाख
- 29 दिसंबर तक लगा टीका 4479684
- पहली डोज 2783305
- दूसरी डोज 1696379
- पुरुष 2363335
- महिला 2114175
- 18 से 44 साल 2947721
- 45 से 60 साल 994598
- 60 साल से अधिक 537365
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए किशोरों का टीकाकरण तीन जनवरी से शुरू होना है। अब जबकि केवल चार दिन का समय बचा है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही है लेकिन शासन की ओर से इस दिशा में स्पष्ट गाइडलाइन आने का इंतजार है। इसके आधार पर ही टीकाकरण की कार्रवाई शुरू हो सकेगी।
जिले में 15 से 18 साल तक के ऐसे तीन लाख किशोर हैं, जिनको तीन जनवरी से टीका लगाया जाएगा। प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण की तैयारियां की जा रही है। अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण के लिए जागरूक करने और सभी बच्चों को टीका लगाने की तैयारी है।
बुधवार को सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने सीएमओ कार्यालय के साथ ही सिगरा स्थित कोविड कंट्रोल रूम में अधिकारियों संग बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एडिशनल सीएमओ, डिप्टी सीएमओ संग बैठकर किशोरों के टीकाकरण के साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जाने वाले अभियान, अस्पतालों में जांच, इलाज की तैयारियों की जानकारी ली। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि शासन की ओर से गाइडलाइन आने का इंतजार है। विभागीय स्तर पर इससे जुड़ी अन्य तैयारियां अंतिम दौर में हैं।