संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री-आचार्य में दाखिले के लिए पंद्रह अक्तूबर से काउंसलिंग शुरू होगी। 19 अक्तूबर तक दाखिला लेने वाले विद्यार्थी 20 अक्तूबर तक शुल्क जमा कर सकेंगे। इससे पहले सात अक्तूबर को प्रवेश के लिए वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकेगा।
राजभवन की ओर से भले ही हर साल कुलपतियों को सत्र नियमित करने के लिए समय से प्रवेश लेने का निर्देश दिया जा रहा हो लेकिन उसका असर संस्कृत विश्वविद्यालय पर नहीं दिख रहा है। पिछले साल की तरह इस साल भी प्रवेश प्रक्रिया में देरी हो रही है, इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ सकता है।
पिछले दिनों 29 सितंबर को छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष की ओर से जारी आदेश के बाद प्रवेश के लिए छूटे अभ्यर्थियों को एक और मौका मिल सकेगा। इसमें सात अक्तूबर को आवेदन फार्म भरना होगा जबकि तेरह अक्तूबर को हार्डकापी छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष कार्यालय में जमा करना होगा। इसके अलावा 14 अक्तूबर को शास्त्री-आचार्य द्वितीय, तृतीय के अभ्यर्थी हार्ड कापी जमा कर सकेंगे। इसमें तेरह अक्तूबर को प्रवेश के लिए वरीयता सूची प्रकाशित की जाएगी।