अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने कहा कि प्रमुख बाजारों, घाटों और पूजा स्थलों के आसपास नो-एंट्री जोन, वन-वे सिस्टम लागू किया जाएगा। वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। ट्रैफिक प्लान को सोशल मीडिया, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और बैनर-पोस्टर से प्रसारित किया जाए।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। फुटपाथ, पुल और प्रतिबंधित स्थलों पर वाहन पार्किंग करने वालों का चालान और टोइंग की कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती और ई-चालान की कार्रवाई होगी।
शाम 4-10 बजे तक सड़कों पर रहेगी फोर्स
मैदागिन, बुलानाला, दालमंडी, चौक, लोहटिया जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में शाम 4 से रात 10 बजे तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बाजारों और घाटों के आसपास लगाई जाएगी। अपर पुलिस आयुक्त ने संकेतक बोर्ड, ट्रैफिक सिग्नल और डिवाइडर की मरम्मत करने का आदेश दिया। ताकि रात के समय भी यातायात व्यवस्थित रहे।