वाराणसी में बेटे के जन्मदिन का केक काटने के दौरान पिता द्वारा लाइसेंसी असलहे से फायरिंग करने का एक माह पुराना वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो सिंधोरा थाने में एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद भी सिंधोरा थाना प्रभारी घटना को छिपाते रहे।
सिंधोरा थाना के दशरथपुर गांव में बीती 23 नवंबर को सूबेदार गिरी ने अपने बेटे के जन्मदिन पर लाइसेंसी असलहे से दो राउंड फायरिंग की थी। बेटे के जन्मदिन के कुछ दिन बाद सूबेदार सपरिवार गुजरात चला गया। उसके जाने के बाद रविवार को वह वीडियो किसी ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
सिंधोरा थाना प्रभारी रमेश यादव से जब इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे छिपाते हुए अनभिज्ञता जताई। साथ ही यह भी कहा कि उनके क्षेत्र में ऐसा कोई गांव ही नहीं है। वहीं, इस संबंध में जब सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की तस्दीक कराकर सूबेदार गिरी के खिलाफ सिंधोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंधौरा थाना प्रभारी को आरोपी के घर भेजा गया था, लेकिन ताला लटका मिला। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसके असलहे का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा।