बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने बेटे के साथ निकले पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्गावती थाना क्षेत्र के कर्णपुरा मोड़ के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
भभुआ थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी संजय श्रीवास्तव मंगलवार को अपने बेटे संदीप श्रीवास्तव के साथ बाइक से डुमरी गांव शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे थे। इसी दौरान कर्णपुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कमलेश कुमार ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की वजह से ज्यादा खून गिर गया था।