रामलीला समिति अमड़ा की ओर से मंगलवार की रात प्राथमिक विद्यालय परिसर में प्रतिशोध नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और भ्रष्ट पुलिस व्यवस्था से जुड़े सामाजिक मुद्दों को उठाया। मंचन के दिखाया गया कि शादी के बाद सास दुर्गा और पति अमन बहू ममता से दहेज में 10 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करते हैं। अमन का छोटा भाई अमित इस मांग का विरोध करता है। विवाद खत्म करने के लिए ममता का भाई रंजन दहेज की मांग पूरी कर देता है, लेकिन इसके बाद भी अमन का लालच कम नहीं होता। वह पत्नी ममता और छोटे भाई अमित की गोली मारकर हत्या कर देता है। घटना के बाद थाने का दरोगा धर्मपाल रुपये लेकर मामले में कार्रवाई नहीं करता। इससे आहत रंजन बहन के अंतिम संस्कार के बाद चंबल के बीहड़ों में चला जाता है। वहां वह बहन की हत्या का बदला लेने के लिए अमन, उसकी मां दुर्गा और हत्या में सहयोग करने वाले उसके दोस्तों की हत्या कर देता है। बाद में वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर देता है। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दहेज प्रथा को सामाजिक बुराई बताते हुए इसके खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही भ्रष्ट पुलिस व्यवस्था और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलने की स्थिति को भी मंच पर प्रस्तुत किया। नाटक में अमन की भूमिका पवन सिंह जनसेवक, ममता की कुशाग्र सिंह, दुर्गा की अटल, अमित की दिग्विजय सिंह, रंजन की बादल सिंह और दरोगा धर्मपाल की भूमिका ओम ने निभाई। इस दौरान डॉ. समर बहादुर सिंह, अनिल सिंह, शिवकांत सिंह, बलराम पाठक रहे।