किसानों की सभा को संबोधित करते किसान लक्षमण पटेल ।
नए सर्किल रेट से मुआवजे की मांग कर रहे रिंग रोड के प्रभावित गांवों के किसानों ने रविवार को चौपाल लगाकर अपने हक की आवाज बुलंद की। दो टूक कहा कि बिना समुचित मुआवजा लिए वे पीछे नहीं हटेंगे। हृदयपुर सत्याग्रह स्थल पर आयोजित इस चौपाल में किसान महारैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि 29 मई को यह महारैली शासन-प्रशासन के समक्ष यह जताने के लिए होगी कि किसान अपनी मांगों के समर्थन में पूरी तरह एकजुट हैं और हर हाल में वे अपना हक लेकर रहेंगे। बड़ी तादाद में प्रभावित गांवों के किसान परिवार महारैली में शामिल होंगे। चौपाल को शिव कुमार सिंह, पन्नालाल यादव, बालकिशुन पटेल, पारस प्रधान, अमित यादव, सुरेंद्र पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। उधर, इदिलपुर अहमदपुर में चल रही सभा को संबोधित करते हुए विजय शंकर पांडेय ने कहा कि किसानों को कानून का पाठ न पढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन किसानों के बीच भ्रम न फैलाए। उनके हित की बात सोचे। सत्याग्रह स्थल पर आंदोलनरत किसानों को सत्तू का शर्बत पिलाया गया। सत्याग्रह में ज्ञानचंद्र, कैलाश नाथ यादव, ओम प्रकाश, पारस मिश्रा, ओंकार त्रिपाठी, हरिनाथ, देवनाथ, शीला, धर्मावती, सुमित्रा, शिवकुमारी आदि शामिल रहीं।