शाम करीब नौ बजे प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पर पहुंची। यहां मां काली की सात परिक्रमा कराई गई। इसके बाद यात्रा मैदागिन की ओर बढ़ी। रात करीब 10:30 बजे प्रतिमा मंदाकिनी कुंड पहुंची। यहां आरती और पूजन के बाद मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। ढाक की थाप, शंखध्वनि और जयकारों के बीच भक्तों ने अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, विसर्जन यात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। यात्रा के दौरान आठ इंस्पेक्टर, पांच थानों की फोर्स, तीन एसीपी, चार प्रभारी अधिकारी और आरआरएफ की टीम के साथ महिला पुलिस तैनात रही। भीड़ और यात्रा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों के साथ थ्रेड ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।