होटल संचालक जितेंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि जमीन का मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने मनमाने तरीके से होटल को जमींदोज कर दिया। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। सुबह-सुबह बुलडोजर चलने की सूचना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह से अधिक लोगों को पकड़ लिया और थाने ले आई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
थाना प्रभारी अशोक मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। कुछ लोग भाग निकले, जबकि छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।