वाराणसी में लमही स्थित उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद के पैतृक आवास से चोरी हुए पांच पंखों से संबंधित प्रकरण की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। हालांकि इस प्रकरण में मंगलवार को पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। मुंशी प्रेमचंद स्मारक की देखरेख करने वाले सुरेशचंद्र दूबे के अनुसार, वह सोमवार की सुबह साफ-सफाई करने पहुंचे तो उपन्यास सम्राट के पैतृक आवास से पांच पंखे गायब थे।
उन्होंने इसकी सूचना लालपुर पुलिस चौकी पर दी थी। उन्होंने बताया कि मुंशी प्रेमचंद स्मारक में पंखे संस्कृति विभाग की ओर से लगवाए गए थे। उधर, इस संबंध में लालपुर चौकी इंचार्ज ने बताया कि सूचना के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है। जल्द ही पंखों को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।