बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में अब वार्ड में भर्ती मरीज से सिर्फ दो घंटे ही परिजनों को मिलने दिया जाएगा। पिछले सोमवार को हुए बवाल के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ाने से जुड़े कई फैसले भी किए गए हैं।
अस्पताल परिसर में 100 से अधिक सुरक्षा गार्ड सोमवार से बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा छह सब इंस्पेक्टर, 30 सिपाही तैनात कर दिए गए हैं। वहीं बाउंसर भी सुरक्षा में लगाए गए हैं। अब वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलने का समय तय कर दिया गया है।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्र ने बताया कि पहले से ही यहां परिजनों को दो पास दिए जाते थे। लेकिन अब केवल शाम 4 से 6 बजे के बीच ही परिजन भर्ती मरीज से मिल सकेंगे। अस्पताल की सुरक्षा अब आईएमएस के निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक के नियंत्रण में रहेगी। उन्होंने सीआईएसएफ, जल पुलिस, पर्यटन पुलिस की तरह ही मेडिकल पुलिस की तैनाती की मांग की।
उन्होंने बताया कि डीएम सुरेंद्र सिंह से बातचीत के बाद जल्द ही प्रोवेशनरी आईएस अधिकारी की पदस्थापना की जाएगी, जो अस्पताल के क्रियाकलापों, दवाओं के वितरण व्यवस्था और पेसेंट फ्रेंडली बनाने पर ध्यान देने के साथ ही व्यवस्थाओं की समीक्षा कर तीन महीने में कुलपति को अपना सुझाव भी देंगे।
वहीं अस्पताल में अब बाउंसरों की तैनाती लंबे समय के लिए होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन टेंडर मंगाने की तैयारी में है। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्र ने बताया कि इसे एडवांस सिक्योरिटी के तौर पर लिया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस के जवान भी मौजूद रहेंगे।