फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई हुई। अदालत में तीनों आरोपियों के बयान दर्ज किए। अब मामले में अगली सुनवाई पांच सितंबर को होगी। पिछली सुनवाई पर अभियोजन की ओर से आरोपियों से पूछे जाने वाले प्रश्न तैयार कर उनकी प्रतियां उपलब्ध कराई गई थीं, ताकि आरोपी जवाब दे सकें।
शनिवार को तीनों आरोपियों ने अदालत में बयान दर्ज कराए। अभियोजन के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ बाइक सवार तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने लंका थाने में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल के नाम प्रकाश में आए।
ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बेदी गांव निवासी किसान दीनानाथ यादव (55) की शनिवार को खानपट्टी के पास डाउन रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी और बड़ागांव पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, दीनानाथ यादव काम से घर से निकले थे। खानपट्टी के पास रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दीनानाथ खेती-किसानी के साथ प्लंबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं, जबकि एक बेटा ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित है। दीनानाथ मानसिक रूप से कमजोर थे। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा नेता ने फंदे से लटक कर दी जान
लक्सा थाना क्षेत्र के मौलवीबाग में शुक्रवार रात भाजपा नेता सुनील शर्मा उर्फ मुंशी (43) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। आर्थिक तंगी समेत घरेलू विवाद को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार तड़के पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फाॅरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। दशाश्वमेध क्षेत्र निवासी सुनील की विश्वनाथ गली में खिलौने की दुकान और साड़ी की गद्दी थी।
कुछ साल से सुनील अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मौलवीबाग में किराये के मकान में रहते थे। भाजपा संगठन भी जुड़े हुए थे। रात 1 बजे के बाद सुनील कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे फंदे पर लटक गए। रात में ही पत्नी ने देखा तो शोर मचाया। आसपास के लोग भी जुट गए। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक पर खुदकुशी की कोशिश, राहगीर ने बचाई जान
सारनाथ के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार शाम पिता ने आठ साल के बेटे के साथ रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर खुदकुशी की कोशिश की। ट्रेन करीब आते ही पिता ने पटरी पर कूदने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीर ने हाथ पकड़कर पीछे खींच लिया।
कैथी, चौबेपुर निवासी बबलू यादव बेटे के साथ आशापुर रेलवे ट्रैक पर खड़ा था। ट्रेन को नजदीक आता देख बबलू ने पटरी पर कूदने की कोशिश की। राहगीर ने उसे पकड़ लिया और ट्रैक से दूर खींच लिया। बबलू के सिर में मामूली चोट लग गई। पिता की हरकत से सहमा बेटा पटरी के पास ही फूट-फूटकर रोने लगा। लोगों ने बच्चे को संभाला। आशापुर चौकी प्रभारी ने बबलू को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बबलू अपने बच्चे के साथ जान देने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। राहगीर की सतर्कता से पिता-पुत्र की जान बच गई। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
कच्चा मकान ढहा, गाय मरी, आठ घायल
सेवापुरी विकास खंड के तेंदुई पतेरवा गांव में शनिवार को बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक गाय मर गई। वहीं, आठ अन्य गायें घायल हो गईं। गांव के रहने वाले संजय कुमार मिश्रा के कच्चा मकान की दीवार बारिश के चलते भरभराकर गिर गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। पशु चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र कनौजिया ने बताया कि चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और घायल पशुओं का इलाज किया। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना एसडीएम राजातालाब को दी। क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पशुपालक संजय कुमार मिश्रा के अनुसार, मकान गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
मोबाइल चोरी के बाद साइबर ठगी, मांगे दो हजार
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ के बाहर पार्किंग से यात्री का मोबाइल चोरी होने के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। चोरों ने मोबाइल में नंबरों का इस्तेमाल कर परिजनों को फोन किया और सड़क हादसे में घायल होने की झूठी सूचना देकर इलाज के नाम पर दो हजार रुपये ऑनलाइन मंगा लिए। इसके बाद मोबाइल में सेव महिलाओं के नंबरों पर अश्लील संदेश भी भेजे गए।
प्रयागराज के तिवारीपुर हंडिया निवासी सत्यम तिवारी ने कैंट पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को उनके मामा दीपक पांडेय वाराणसी आए थे। पार्किंग से मोबाइल चोरी हो गया। 23 अगस्त को मोबाइल से रिश्तेदारों को फोन कर हादसे की सूचना दी गई। परिजनों ने दो हजार रुपये भेज दिए। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गुड़ मंडी में जुआ खेलते सात गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने शनिवार को विशेश्वरगंज की गुड़ मंडी में जुआ खेल रहे आनंद यादव (32), अजय शर्मा (26), राज कनौजिया उर्फ राजकुमार (32), गौरव यादव (25), संदीप यादव (35), हिमांशु यादव (28) और बिसनु यादव (30) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 5010 रुपये और 52 ताश के पत्ते मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम को गुड़ मंडी में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। मौके से सात लोगों को पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
किशोरी से ऑटो चालक ने की छेड़खानी
शिवपुर थाना क्षेत्र में कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही किशोरी से ऑटो चालक ने छेड़खानी की। पिता की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, किशोरी शाम को कोचिंग से पढ़कर निकली थी। गिलट बाजार के पास उसने घर जाने के लिए ऑटो लिया।
आरोप है कि चालक ने किशोरी को आगे बैठा लिया और घर की ओर जाने के बजाय ऑटो रेलवे फाटक की तरफ मोड़ दिया। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने अश्लील हरकत शुरू कर दी। किशोरी के रोने और विरोध करने के बावजूद चालक नहीं रुका। लगातार रोने पर आरोपी ने उसे बाईपास के पास उतार दिया और भाग निकला। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को जानकारी दी। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
गैर जमानती वारंट में आरोपी गिरफ्तार
गैर जमानती वारंट में वांछित राजू उर्फ राहुल को लक्सा पुलिस ने शनिवार को उसके घर रामापुरा से गिरफ्तार किया है। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि आरोपी रामापुरा का है। आठ साल पहले दर्ज प्राथमिकी में कोर्ट से वांछित था।
अधिवक्ता पर जानलेवा हमले का चौथा आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ के लेढ़ूपूर में विकास मिश्रा उर्फ मोनू पर जानलेवा हमले के चौथे आरोपी अंकित कुशवाहा को सारनाथ पुलिस ने शुक्रवार रात तिलमापुर से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सीसी कैमरे के आधार पर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सलारपुर रसूलगढ़ का निवासी है।
युवक को घेरकर पीटा, गाड़ी में बैठाने का प्रयास
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर-सरसौली इलाके में युवक के साथ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सानू कुमार की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भोजूबीर-सरसौली निवासी सानू कुमार ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात 11 बजे वह कचहरी के पास सामान खरीदने गया था। अमन सेठ, शुभम सोनकर और कृष सेठ समेत अन्य लोग पहुंच गए और बात-बात में पिटाई करने लगे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गाली-गलौज और मारपीट में 5 के खिलाफ प्राथमिकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज राधा कटरा गली में सुजीत साहनी के साथ पिटाई के मामले में पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सतीश विश्वकर्मा, शनि विश्वकर्मा, राजा पासवान, भावेस साहनी और विशाल साहनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हुकुलगंज निवासी किशन साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई सुजीत साहनी घर के पास टहलने निकला था। आरोपियों ने घेरकर उसकी पिटाई कर दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच हो रही है।
चोरी के मामले में चार दिन बाद प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, कैमरा समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। इससे पहले पुलिस मामले को संदिग्ध बताती रही। सोयेपुर निवासी श्लोक तिवारी सोमवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। देर रात करीब एक बजे लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
घर में घुसकर दंपती पर रॉड से हमले का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोइठहा पार्क के पास घर में घुसकर दंपती से मारपीट और लोहे की रॉड से हमला करने के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पप्पू की तहरीर गोबर और मदन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पप्पू ने तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात आठ बजे गोबर और पिता मदन घर पहुंचे। दोनों ने वहां गाली-गलौज की, विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोगों ने सोसाइटी अध्यक्ष के घर में की तोड़फोड़
आवास विकास कॉलोनी में मुरकट्टा बाबा पार्क में कथित अवैध निर्माण हटाए जाने की कार्रवाई से नाराज लोगों ने सोसाइटी के अध्यक्ष के घर तोड़फोड़ की। सुनील कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने संकठा पटेल, काजू, मनीष, अभिषेक पांडेय और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, कॉलोनी में नगर निगम और आवास विकास की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत की गई थी। जांच के बाद नगर निगम की ओर से 28 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। आरोप है कि कार्रवाई से नाराज आरोपियों ने तोड़फोड़ की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जां हो रही है।
घर लौटे प्रेमी युगल, मंदिर में शादी की चर्चा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल जाने के बाद लापता हुई किशोरी एक सप्ताह बाद प्रेमी के साथ घर लौट आई। दोनों के दुर्गा मंदिर में शादी करने की बात सामने आई है। शनिवार देर रात दोनों पक्ष मिर्जामुराद थाने पहुंचे, जहां मामले को लेकर पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा। किशोरी 25 अगस्त को इंटर कॉलेज पढ़ने गई थी। छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। पिता ने खालिसपुर निवासी शिवम राजभर पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि किशोरी नाबालिग है। बयान और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों को आग से निपटने का प्रशिक्षण
आग लगने पर राहत और बचाव के लिए मंडुवाडीह थाने के पुलिसकर्मियों को फायर सेफ्टी और रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया गया। भेलूपुर फायर स्टेशन की टीम ने थाना परिसर में कार्यशाला में अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल और आग में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की तकनीक बताई। फायर ब्रिगेड टीम ने थाना परिसर के पीछे लाइव डेमो दिया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि डीजी के निर्देश पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पोखरे में डूबने से युवक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही नेवादा गांव में शुक्रवार रात पोखरे में डूबने से प्रेम कुमार चौहान (33) की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार सुबह शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बरही नेवादा गांव निवासी प्रेम रात स बजे पोखरे के किनारे गया था। नहाने के दौरान वह पोखरे में डूब गया। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
गाजियाबाद की महिला को परिवार से मिलाया
चेतगंज पुलिस ने गाजियाबाद की एक मानसिक रूप से कमजोर महिला को शनिवार को परिजनों को सौंप दिया। महिला 26 जुलाई से लापता थी। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि 28 अगस्त की रात लहुराबीर चौराहे पर एक महिला घूमती मिली। थाने लाकर महिला हेल्प डेस्क में बैठाया गया। मिशन शक्ति प्रभारी ने महिला की काउंसिलिंग की। काउंसिलिंग के दौरान पता चला कि वह गाजियाबाद की रहने वाली है। सूचना मिलने पर भाई और बहन वाराणसी पहुंचे। पुलिस ने महिला को सुपुर्द कर दिया।
जन सूचना प्रभारी का निधन, दी सलामी
कमिश्नरेट में प्रधान लिपिक कार्यालय शाखा में तैनात जन सूचना अधिकारी अनिल कुमार चौबे (55) का शनिवार को निधन हो गया। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिसलाइन में अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने श्रद्धांजलि दी। डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने अर्थी को कंधा दिया। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दरोगा अनिल चौबे 1986 में आरक्षी पद पर पुलिस परिवार से जुड़े थे। वह मऊ के नई बस्ती हनुमान नगर भीटी के निवासी थे।
वरुणा में डूबे मजदूर का दूसरे दिन मिला शव
लोहता थाना क्षेत्र के बेदौली गांव के सामने शुक्रवार को वरुणा नदी में नहाते समय डूबे मजदूर विक्रम का शव शनिवार सुबह कैंट थाना क्षेत्र के इमिलियाघाट के पास मिला। लोहता पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरथरा गांव निवासी विक्रम पाल (50) शुक्रवार सुबह दस बजे घर से गंगा स्नान करने की बात कहकर निकले थे। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी।
रात से लापता वेटर का नाली में मिला शव
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव के बाहर शनिवार सुबह जयप्रकाश गौड़ उर्फ खलनायक (40) का शव नाली में मिला। वह एक होटल में वेटर का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोलनापुर निवासी जयप्रकाश शुक्रवार देर शाम आठ बजे घर से निकला था। एक दुकान से सुर्ती खरीदी और फिर देसी शराब की दुकान पर गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जयप्रकाश के पास से शराब की शीशी मिली थी। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वजह स्पष्ट होगी।
प्रस्ताव पास फिर भी नहीं लगी बलिदानी विशाल पांडेय की प्रतिमा
कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर बलिदानी के नाम पर प्रतिमा लगवाने की मांग की है। कहा गया कि नगर निगम सदन से प्रस्ताव पास होने के बाद भी अब तक बलिदानी विशाल पांडेय की प्रतिमा नहीं लगी। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी लगातार बलिदानी के सम्मान और उनके परिवार के साथ खड़ी रही है।
कहा कि सरकार की ओर से बलिदानी की स्मृति में सांस्कृतिक संकुल में प्रतिमा स्थापित करने, उनकी गली का नाम बलिदानी के नाम पर करने, उनके आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर उनकी स्मृति में मुख्य द्वार का निर्माण कराने का वादा किया गया था। खास बात यह है कि बलिदानी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव नगर निगम में बाकायदा पारित हो चुका है। आज सवाल यह है कि उन का क्या हुआ?
तय समय-सीमा में पूरा कराएं अमृत भारत योजना के काम
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पांडेय ने शनिवार को राजातालाब रेलवे स्टेशन के यार्ड के पास चल रहे कामकाज का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही फाटक निर्माण कार्य को भी देखा। कहा कि तय समयसीमा में अमृत भारत स्टेशन योजना से जुड़े कार्यों को पूरा कराना होगा। कार्यों की निगरानी बहुत जरूरी है। निरीक्षण के बाद लहरतारा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में मंडल में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। डीआरएम आशीष जैन की मौजूदगी में वर्तमान स्थिति, कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति की गति के साथ-साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण कराने को कहा। बैठक में मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बीएचयू में जलभराव की समस्या की हकीकत जानने पहुंचे अधिकारी
पिछले दिनों हुई तेज बारिश की वजह से बीएचयू अस्पताल सहित कैंपस में कई जगहों पर पानी भरने की समस्या सामने आने के बाद अधिकारी शनिवार को मौके पर पहुंचे। विश्वविद्यालय निर्माण विभाग (यूडब्ल्यूडी) के प्रभारी प्रो. आंचल श्रीवास्तव सहित विभाग के संबंधित अधिकारियों की टीम को शनिवार को बीएचयू अस्पताल परिसर, विश्वविद्यालय परिसर, विभिन्न छात्रावासों एवं आवासीय परिसरों में जलभराव तथा जल निकासी की समस्या से अवगत कराया गया। प्रो. आंचल श्रीवास्तव ने मौके की स्थिति को गंभीरता से समझते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। छात्रनेता आशुतोष सिंह यीशु ने जलभराव की शिकायत की थी।
कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुट जाएं
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहाकि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन पहुंचने का काम करते हैं। वह शनिवार को भानपुर में भाजपा नेता रविशंकर सिंह के आवास पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने चुनाव की रणनीति, बूथ प्रबंधन, वोटर लिस्ट की निगरानी समेत अनेक मुद्दों पर दिशा निर्देश दिए। जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहाकि कार्यकर्ता ईमानदारी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। एक बार फिर भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। इससे पहले भाजपा नेता रविशंकर सिंह ने स्मृति चिन्ह अंग वस्त्र देकर मुख्य अतिथि व विशिष्ट स्वागत सम्मान किया।
मतदाताओं के नाम वोटरलिस्ट में कराएं शामिल
सपा एवं वित्तविहीन शिक्षक संघ ने शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी बैठक शनिवार को की। नेता प्रतिपक्ष शिक्षक एमएलसी लालबिहारी यादव के कैंप कार्यालय रूप्पनपुर पैगंबरपुर में हुई बैठक में शिक्षक मतदाताओं के नाम वोटरलिस्ट में शामिल कराने पर जोर दिया गया। छूटे हुए शिक्षक मतदाताओं का नाम वोटरलिस्ट में सम्मिलित कराने के लिए वित्तविहीन शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के मुख्य अतिथि डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के 300 स्थायी मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों को अनुदानित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य ने की। संचालन सह प्रभारी बौद्ध अवधेश कुमार अंबेडकर और धन्यवाद ज्ञापन रूप नारायण पटेल ने किया।
कमिश्नर आवास पर गिरे पेड़ को हटवाया
बारिश से होने वाले जलभराव और पेड़ गिरने की समस्या दूर कराने के निर्देश मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दिए हैं। जिसके बाद शहर की गली गड्ढे और सीवर चैंबरों पर फंसे प्लास्टिक व कूड़े को हटाकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई गई। कमिश्नर आवास पर गिरे पेड़ को काटकर हटवाया गया। सुंदरपुर रोड, भिखारीपुर और मैदागिन चौराहे से भी पेड़ों की कटी हुई डालियों को हटाया गया। इसी प्रकार बंशीधर अपार्टमेंट सिगरा के पास से भी पेड़ की कटिंग कराई गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि कंट्रोल रूम में आने वाली जलभराव, पेड़ गिरने की हर शिकायत का निस्तारण बिना किसी देरी के किया जाए।
सांसद ज्ञान प्रतियोगिता में 2.08 लाख ने लिया हिस्सा
काशी की संस्कृति, इतिहास, मंदिर, घाट, साहित्य, कला और विकास कार्यों से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता-2026 का प्रथम चरण शनिवार को हुआ। जिले के 1827 विद्यालयों में प्रतियोगिता कराई गई। इसमें 2,07,284 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें कक्षा 1 से 8 तक के 1,28,473, कक्षा 9 से 12 तक के 68,008 और आमजन वर्ग के 10,803 प्रतिभागी शामिल रहे। प्रथम चरण में सफल प्रतिभागियों के बीच अगले चरण में विकासखंड या जोन स्तर और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता होगी। इसके बाद जिला स्तर पर फाइनल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
गंदे पानी में बैठकर दर्ज कराया विरोध
सपा नेता अमन यादव ने शनिवार को सीरगोवर्धनपुर में गंदे पानी में बैठकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से पिछले दिनों यहां आनन-फानन में जल निकासी की व्यवस्था की गई थी। बावजूद इसके संत रविदास मुख्य मार्ग पर गंदा पानी लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। जल निकासी के लिए जनरेटर मौके पर खड़ा रहता है लेकिन वह नियमित रूप से चलता नहीं है। सड़क पर जलभराव के कारण बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस दौरान लाल बहादुर यादव, गोलू, रवि यादव आदि मौजूद रहे।
सड़क के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में दिया ज्ञापन
सौभाग्य वाटिका भिटारी के लोगों ने शनिवार को इंटरलॉकिंग रोड और सीवर निर्माण के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रीय लोगों ने जलभराव और जर्जर रास्तों की समस्या को दूर कराने की मांग की। मोहल्ले वालों ने हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र दिया। कहा कि सौभाग्य वाटिका भिटारी के बगल से अंदर जाने वाली तीन गलियां हैं। मुख्य मार्ग कच्चा है। इस कारण आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। नगर आयुक्त एवं मेयर को भी लिखित शिकायत भेजी गई थी। पत्र देने वालों में अमरनाथ मिश्र, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, सोनू कुमार रहे।
पूर्व उपसभापति ने की सड़क मरम्मत की मांग
नगर निगम के पूर्व उपसभापति ओमप्रकाश चौरसिया ने मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से सड़क मरम्मत की मांग की। साथ ही कहा कि औरंगाबाद की सड़क का संज्ञान लेकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करें। कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाएं। बारिश के चलते यहां की स्थिति बद से बदतर हो गई है। स्कूली बच्चों, राहगीरों, दर्शनार्थियों को दिक्कत आ रही है।
मंडलीय अस्पताल : एमसीएच विंग में टैंक ओवरफ्लो करने से जलभराव
पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के एमसीएच विंग में शनिवार सुबह ओवरहेड टैंक ओवरफ्लो होने के कारण अस्पताल परिसर में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। इसके कारण अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे गंदे पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर रहे। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के वाहन स्थल के पास स्थित चैंबर से लगातार पानी बहता रहा, जिससे पूरे रास्ते में पानी भर गया।
अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के चलते वर्तमान में सीएमएस कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक इकाइयों का संचालन इसी महिला विंग से किया जा रहा है। इसी विंग के मुख्य द्वार पर दवा वितरण काउंटर, प्रशासनिक कार्यालय और महिला मरीजों की ओपीडी भी संचालित होती है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि ओवरहेड टैंक पूरी तरह भर जाने की वजह से पानी ओवरफ्लो हुआ था। जानकारी मिलते ही मोटर को बंद करा दिया गया और स्थिति को सामान्य करने के निर्देश दिए गए।
समय पर पहचान और सही इलाज से बच सकती है अनमोल जान
रचना फाउंडेशन, मिशन शक्ति और राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के ओर से शनिवार को मेडिकल कॉलेज के महर्षि चरक सभागार में सेमिनार का आयोजन किया। यह सेमिनार कैंसर से बचाव हेतु जागरूकता और बेटियों की सुरक्षा विषय पर केंद्रित था।
मुख्य अतिथि पूर्व अपर निदेशक स्वास्थ्य विभाग डॉ. दिवाकर सिंह ने कहा कि आज कैंसर जानलेवा तो है ही लेकिन अज्ञानता भी बहुत है। समय से अगर मरीज डॉक्टर के पास पहुंच जाए तो बच सकता है। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने और अपने जान के साथ खिलवाड़ न करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर जागरूकता की कमी पर चिंता जताई। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डीके मौर्य ने कहा कि सरकार भी जागरूकता के लिए विभिन्न आयोजन कर रही है। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को समाज की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।
निवेदिता शिक्षा सदन में सजा कजरी महोत्सव
काशी की समृद्ध लोकगायन परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज को कजरी-व्याख्या केंद्र बनाया गया है। संस्कृति मंत्रालय की पहल के तहत विद्यालय में शनिवार को ‘कजरी महोत्सव’ का आयोजन हुआ। इसमें छात्राओं और शिक्षिकाओं ने कजरी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सावन की लोक परंपरा और काशी की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। इस दाैरान प्रधानाचार्या डॉ. आनंद प्रभा, मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह हरेंद्र राय, राम सुचित पांडेय, रंगनाथ साहू मौजूद रहे।
बौद्धिक दिव्यांगजनों संग मनाया त्योहार
राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की सदस्य एवं सक्षम काशी प्रांत महिला प्रमुख राधा सिंह ने अनाथ बौद्धिक दिव्यांगजनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। उन्होंने ने अनाथ बौद्धिक दिव्यांग जनों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, सुरक्षित एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की। सभी के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। उनके साथ समय बिताया और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास किया। राधा सिंह ने कहा कि अनाथ बौद्धिक दिव्यांग जनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सम्मानजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पंकज कुमार सिंह आदि रहे।
निर्मल गंगा के प्रति किया जागरूक
नमामि गंगे गंगा विचार मंच व 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स की ओर से लहुराबीर स्थित एक स्कूल में शनिवार को पर्यावरणीय साक्षरता मुहिम चलाई गई। विद्यार्थियों को निर्मल गंगा के प्रति जागरूक किया गया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि और टास्क फोर्स के सूबेदार धनेश यादव ने बच्चों से मां गंगा से संबंधित प्रश्न पूछे। उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को टीशर्ट, कैप और पौधे भेंट किए। विद्यालय परिसर में हल्दी, पत्थर चट्टा और लेमन ग्रास के पौधे लगाए गए। स्वागत स्कूल के प्रधानाचार्या आभा सिंह ने किया। इस मौके पर सहायक प्राचार्य अमिता वर्मा, रंभा पांडेय, जय विश्वकर्मा, चारुशीला सिन्हा, सपना वर्मा मौजूद रहे।
मासिक धर्म में स्वच्छता से करें रोग से बचाव
खत्री हितकारिणी युवा सभा ने शनिवार को एक स्कूल में सखी-स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता किया गया। प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सरीन ने उन्हें मासिक धर्म से जुड़ी सही और आवश्यक जानकारी प्रदान की। छात्राओं के प्रश्नों और जिज्ञासाओं को उन्होंने शांत किया। कक्षा पांच से 12 तक की छात्राएं भाग लीं। इस मौके पर अमन मेहरा, अंशु मेहरोत्रा, रुचिरा पासरिचा, विशाखा मेहरा मौजूद रहे।
हंसराज विश्वकर्मा ने किया जलाभिषेक
उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शनिवार को कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आरती की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के गोस्वामी समाज के लोगों ने मंत्री को दर्शन-पूजन कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक कराया। इस दौरान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह उर्फ गुड्डू सिंह एवं शशांक सिंह भी रहे।
राहुल श्रीवास्तव बने रोटरी सारनाथ के अध्यक्ष
रोटरी क्लब वाराणसी सारनाथ के 37वें पद ग्रहण समारोह में शनिवार को ककरमत्ता स्थित एक होटल में मंडलाध्यक्ष पूनम गुलाटी की आधिकारिक यात्रा के दौरान हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष निशा श्रीवास्तव ने नए अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव को कॉलर और हैमर देकर कार्यभार सौंपा। संजय कुमार श्रीवास्तव ने सचिव का पदभार संभाला। चार को नई सदस्यता दिलाई गई। क्लब के वाराणसी क्षेत्र प्रमुख अनिल जाजोदिया ने निवर्तमान टीम को बधाई देते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दी। इस दौरान क्लब में चार नए सदस्य भी शामिल हुए। राहुल श्रीवास्तव ने रोटरी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान देवेंद्र गोयल, सुषमा श्रीवास्तव, संजय कुमार कपूर, प्रशांत नागर, प्रतिभा सिंह मौजूद रहीं।
नाद यात्रा में सुर, ताल और वाद्य का हुआ संगम
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी की ओर से संस्कार भारती, काशी महानगर और शंकरा आदर्श फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भेलूपुर स्थित शंकरा भवन में मासिक सांस्कृतिक श्रृंखला ‘नाद यात्रा’ का आयोजन किया गया। शास्त्रीय गायन, गिटार वीणा, तबला और संवादिनी की प्रस्तुतियों से शाम सुरमयी हो उठी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. अभिजित दीक्षित ने स्वागत संबोधन में कहा कि नाद संस्कृति का मूल स्वर है और काशी इसकी अनंत यात्रा का जीवंत केंद्र है।
मुख्य अतिथि आईएमएस, बीएचयू के रेडियोलॉथैरेपी एवं रेडिएशन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील चौधरी ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मानव मन को शुद्ध करने वाली औषधि है। विशेष अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के चित्रकला विभाग के प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि चित्रकला और संगीत दोनों आत्मा की अभिव्यक्ति के माध्यम हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में डॉ. हनुमान प्रसाद गुप्ता ने शास्त्रीय गायन से रागों की गहराई से परिचित कराया। शिवांश सिंह ने गिटार वीणा वादन से परंपरा और आधुनिकता का संगम प्रस्तुत किया। अमित ईश्वर और राकेश रोशन ने तबला संगत से लय-ताल की छटा बिखेरी।
दुर्ग विनायक मंदिर में वार्षिक शृंगार कल
गणेश चतुर्थी पर 31 अगस्त को दुर्गाकुंड स्थित दुर्ग विनायक का वार्षिक शृंगार महोत्सव मनाया जाएगा। विविध धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। मंदिर के महंत पं. ज्ञानेश्वर दूबे बताया कि भगवान की मंगला आरती पांच बजे द्वारा की जाएगी। प्रात: नौ बजे से गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ होगा। इसी के साथ दूर्वा से सहस्रार्चन आरंभ होगा। दोपहर एक बजे भगवान को फलाहार का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद मंदिर के पट बंद होंगे और शाम को शृंगार और आरती के बाद दर्शन शुरू हो जाएगा। रात नौ बजे विराट आरती होगी।
नेपाल त्रासदी : लापता भारतीयों की कुशलता के लिए सुंदरकांड
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में लापता हुए 320 भारतीय नागरिकों की कुशलता और दीर्घायु की कामना के लिए क्षेत्रीय नागरिक सेवक समिति की ओर से शनिवार को नरिया स्थित श्री दुख हरण हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ हुआ। भक्तों के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।
समिति के सचिव सपा नेता वरुण सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में हमारी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। अनुष्ठान मंदिर के पुजारी अभिनव चतुर्वेदी, विद्याशंकर तिवारी एवं संजय पांडेय के सान्निध्य में वैदिक रीति-रिवाजों से पूरा हुआ। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अशोक पटेल, हरिशंकर मिश्र मौजूद रहे।
ऑनलाइन भी हो सकेगा जन्म-मृत्यु का पंजीकरण
वाराणसी के जिला अस्पताल में अब जन्म और मृत्यु का पंजीकरण ऑनलाइन भी होगा। अस्पताल में नवजात का प्रमाणपत्र अस्पताल से ही जारी किया जाता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अब घर बैठे भी लोग आवेदन कर सकते हैं। सामान्य प्रसव में 2 और सिजेरियन में 5 दिन में प्रमाण पत्र मिल जाता है। पोर्टल पर आवेदन की अनिवार्यता केवल उन मामलों में है जो निर्धारित समय के बाद आते हैं। एक महीने की देरी होने पर प्रमाणपत्र मजिस्ट्रेट के आदेश से बनता है। ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था लोगों को घर बैठे सुविधा देने के लिए है।
150 ने ओटीएस के लिए कराया रजिस्ट्रेशन
नगर निगम ने 15 अगस्त से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुरू की है। अब तक 150 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनकी जांच कर छूट दी जाएगी। ओटीएस के तहत 1 अप्रैल 2026 तक के बकाया गृहकर, जलकर और सीवर कर के ब्याज पर 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। 15 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं) अधिक जानकारी और भुगतान के लिए वाराणसी नगर निगम कार्यालय या वेबसाइट से कर संपर्क कर सकते हैं।
वाराणसी से चलने वाली 2 वंदे भारत का समय बदलेगा
उत्तर रेलवे ने वाराणसी से चलने वाली वाराणसी-रांची और वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव किया है। संशोधित समय 2 सितंबर से लागू होगा। ट्रेन संख्या 20888 वाराणसी-रांची वंदे भारत अब शाम 4.05 बजे के बजाय 3.55 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22500 वाराणसी-देवघर वंदे भारत का प्रस्थान समय सुबह 6:20 बजे से बदलकर 6:10 बजे कर दिया गया है।
नेपालगंज से वाराणसी सिटी तक कल से ट्रेन
रेलवे की ओर से नेपाल की सीमा के करीब नेपालगंज रोड स्टेशन तक ट्रेन चलाने के निर्णय के बाद अब तिथि जारी कर दी गई है। 31 अगस्त से नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी के बीच ट्रेन चलेगी। पहले दिन ट्रेन को नेपालगंज रोड स्टेशन से ट्रेन नंबर 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी उद्घाटन विशेष ट्रेन बनाकर चलाया जाएगा। नेपाल गंज रोड स्टेशन से दोपहर 2.45 बजे चलकर नानपारा, बहराइच में 4.02 बजे पहुंचेगी।
आज लखनऊ से वाराणसी तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
रक्षाबंधन के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ को देख उत्तर रेलवे प्रशासन ने लखनऊ से वाराणसी के लिए रविवार को विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04202 30 अगस्त को शाम 7 बजे से चलेगी। यह विशेष ट्रेन बाराबंकी–अयोध्या कैंट–शाहगंज–जौनपुर मार्ग से होकर वाराणसी आएगी। इसमें कुल 11 कोच होंगे, जिनमें 5 स्लीपर, 4 सामान्य और 2 एसएलआर कोच हैं।
आपसी सहयोग से कार्यस्थल पर बनता है सकारात्मक माहौल
आईएमएस बीएचयू रेडियोथेरेपी एवं रेडिएशन मेडिसिन विभाग में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने रिश्तों में सामंजस्यता और मधुरता विषय पर अपनी बात रखी। इस दौरान स्त्री रोग विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. मधु जैन ने कहा कि कार्यस्थल पर आपसी सहयोग और अच्छे संबंधों से सकारात्मक माहौल बनता है। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र के पूर्व निदेशक प्रो. सत्यजीत प्रधान और काशी हिंदू विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद के सदस्य प्रो. उदय प्रताप शाही को रेडियोथेरेपी एवं रेडिएशन मेडिसिन विभाग में उनके महत्वपूर्ण योगदान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी ने अगले विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु मिश्रा का स्वागत किया।
वाराणसी में 31 अगस्त को रोजगार मेला
क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय की ओर से 31 अगस्त को चौकाघाट परिसर में निशुल्क रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें सागररत्ना लिमिटेड और टाटा स्ट्राइब फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, रेस्टोरेंट मैनेजर व किचन स्टाफ के लिए भर्तीयां लेगी। इसमें 18 से 35 वर्ष के अभ्यर्थी सुबह 11:30 बजे से शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा और फोटो लेकर आना होगा।
कुलपति ने किया शोध-पत्रिका का विमोचन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ दर्शन एवं योग विज्ञान विभाग की वार्षिक शोध-पत्रिका ‘दार्शनिकी’ के नए अंक का कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने शनिवार को विमोचन किया। कुलपति ने विभाग द्वारा शोध, प्रकाशन एवं अकादमिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। विभागाध्यक्ष एवं पत्रिका की मुख्य संपादक प्रो. नन्दिनी सिंह ने बताया कि पियर रिव्यूड एवं रेफरीड ‘दार्शनिकी’ पत्रिका यूजीसी-केयर सूची में सम्मिलित रही है, जो इसके अकादमिक एवं शोधपरक महत्व को दर्शाता है।
पीजी और डिप्लोमा कोर्स में 175 ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को पीजी और डिप्लोमा कोर्स में दाखिले के लिए 175 विद्यार्थियों ने काउंसिलिंग कराई। काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी अभ्यर्थियों को मौके पर ही परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड भी जारी किया गया। प्रवेश सेल उप समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि 30 अगस्त को एमए अर्थशास्त्र, एमए हिंदी, एमए मनोविज्ञान, एमए अंग्रेजी, एमए इतिहास, एमएसडब्ल्यू, एमकॉम की काउंसिलिंग वाणिज्य एवं प्रबंध संकाय भवन में होगी।
प्रो. सुनीत बने गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष
आईएमएस बीएचयू में गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग में प्रो. सुनीत शुक्ला को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। उनका कार्यकाल एक सितंबर से तीन साल की अवधि अथवा उनकी अधिवर्षिता की तिथि तक, जो भी पहले हो, के लिए की गई है। अब तक इस पद पर डॉ. देवेश प्रकाश यादव जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बैगलेस डे पर हुईं कौशलपरक गतिविधियां
विकास क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक व कंपोजिट स्कूल में शनिवार को बैगलेस डे और राष्ट्रीय खेल दिवस पर विविध आयोजन किए गए। कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी में कला अनुदेशिका प्रतिमा देवी व गृह शिल्प अनुदेशिका स्नेहा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बच्चों ने मिट्टी से खिलौने, मूर्तियां व कलाकृतियां बनाईं। बाल संसद के पदाधिकारियों ने विद्यालय में विकसित औषधीय पौधों की जानकारी साझा की। इको क्लब के विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की किसान अनीता देवी से कंपोस्ट व वर्मी कंपोस्ट बनाने की प्रक्रिया समझी। पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें आंचल प्रथम, आकांक्षा द्वितीय और अजय तृतीय रहे।
कोरल ग्रुप के निदेशक को यूनेस्को हाउस में मिला विजनरी एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड
उद्यमिता, व्यवसायिक उत्कृष्टता और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कोरल ग्रुप के प्रबंध निदेशक खालिद अंसारी को नई दिल्ली स्थित यूनेस्को हाउस, यूनेस्को रीजनल ऑफिस फॉर साउथ एशिया में आयोजित वैश्विक सम्मेलन में विजनरी एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। 26 अगस्त को ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑन सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड बिजनेस एक्सीलेंस का आयोजन यूनेस्को एवं वर्ल्ड एसोसिएशन फॉर स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सम्मेलन में सतत विकास, उद्यमिता, नवाचार, व्यवसायिक उत्कृष्टता और छोटे एवं मध्यम उद्यमों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर यूनेस्को रीजनल ऑफिस फॉर साउथ एशिया के डायरेक्टर एवं रिप्रेजेंटेटिव टिम कर्टिस ने श्री अंसारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
किसान पशु आहार का नया ब्रांड कैंपेन गद्दी के असली हकदार लाॅन्च
पूर्वांचल की मिट्टी, संस्कृति और दमदार किरदारों से जुड़ी बहुप्रतीक्षित फिल्म मिर्जापुर द मूवी के साथ किसान पशु आहार ने अपना नया ब्रांड कैंपेन गद्दी के असली हकदार लांच किया है। यह साझेदारी मनोरंजन की दुनिया और किसानों-पशुपालकों की वास्तविक दुनिया को एक ऐसे आइडिया के माध्यम से जोड़ती है, जिसमें गद्दी, ताकत और असली आहार तीनों एक साथ दिखाई देते हैं। कैंपेन की मूल सोच बेहद सरल लेकिन प्रभावशाली है गद्दी चाहे मिर्जापुर की हो या किसान के घर की, उसे मजबूत बनाए रखने के लिए चाहिए असली आहार। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए किसान पशु आहार ने मिर्जापुर की लोकप्रियता और उसकी मजबूत सांस्कृतिक पहचान को अपने ब्रांड के पशु पोषण और गुणवता के संदेश के साथ जोड़ा है। गद्दी सिर्फ ताकत नहीं, जिम्मेदारी भी है।
मिर्जापुर की दुनिया में गद्दी सत्ता, प्रभाव और पहचान का प्रतीक है। दूसरी ओर, किसान और पशुपालक की दुनिया में उसकी असली गद्दी उसका परिवार, उसका पशुधन और उसकी मेहनत है। पूर्वांचल की भाषा, संस्कृति और मिट्टी से जुड़े इस अभियान के जरिए किसान पशु आहार ग्रामीण और अर्ध-शहरी भारत के उपभोक्ताओं से गहरा जुड़ाव बनाने का प्रयास कर रहा है। गद्दी के असली हकदार को ब्रांड ने ताकत और भरोसे के प्रतीक के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।