स्वाट व अमेठी पुलिस की संयुक्त टीम ने राजेश मसाला के नाम पर नकली मसाला बनाकर व्यवसाय करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दूसरे जिले में संचालित फैक्ट्री को सील करते हुए पुलिस ने न सिर्फ वाराणसी निवासी सरगना राकेश कुमार गुप्ता समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, बल्कि काफी मात्रा में नकली मसाला व रैपर के साथ एक सोल्डिंग, दो पाउचिंग व दो प्रिंटिंग मशीन बरामद किया है। बुधवार को एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पूरे मामले का खुलासा किया।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि मंगलवार को नकली मसाले की जांच में जुटी स्वाट व अमेठी पुलिस की संयुक्त टीम ने राजेश मसाला के नाम के पाउच व हैंगर के साथ चार लोगों को अमेठी से धर दबोचा। युवकों से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर टीम ने देर रात वाराणसी पुलिस के सहयोग से भिटारी में संचालित फैक्टरी पर छापा मारा।
पुलिस को यहां बड़ी संख्या में मशीनों के साथ, नकली पिसा मसाला, पैक्ड मसाला व रैपर आदि मिले। इतना ही नहीं पुलिस को रात में भी फैक्टरी संचालित मिली। पुलिस को देख कई लोग भाग निकले लेकिन संचालक राकेश कुमार गुप्ता समेत सात लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए।