मंडुवाडीह स्थित हजरत तैयब शाह बनारसी की दरगाह पर छोटी ईद के मौके पर उर्स की रौनक देखते ही बनी। रविवार को दरगाह परिसर मेले में तब्दील हो गया। एक ओर जहां अकीदतमंद आस्ताने पर जियारत करने और चादर चढ़ाने में लगे रहे, वहीं दूसरी ओर बच्चों ने झूलों और खिलौनों की दुकानों में खूब मस्ती की।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी छोटी ईद पर उर्स का आयोजन किया गया। उर्स में बनारस सहित बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। दरगाह के खादिम मोहम्मद अब्दुल सलाम रसीदी और मैनेजर मोहम्मद अकरम की निगरानी में करीब दो सौ स्टाल लगाए गए।
इन स्टालों में खिलौने, श्रृंगार, प्रसाधन, व्यंजन, फूलमालाएं आदि प्रमुख आकर्षण रहे। मेले में चुनार के बिस्कुट, बड़ी बाजार के नमकीन, पराठा और पकौड़ी की दुकानों पर खास भीड़ देखी गई। इशा की नमाज के बाद कुल शरीफ हुआ और फिर देर रात तक चादरपोशी, गुलपोशी और फातिहा पढ़ने का सिलसिला जारी रहा।
रात को कव्वाली की महफिल ने माहौल को और रूहानी बना दिया, जहां कव्वालों ने बाबा की शान में शानदार कलाम पेश किए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडुवाडीह पुलिस के जवान तैनात रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा।