वाराणसी। पंच दिवसीय दीपोत्सव के दूसरे दिन कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी यानी नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली मनाई गई। शाम ढलते ही लोगों ने घरों के बाहर यमराज के निमित्त चार बातियों वाला दीपक जलाया। लोगों ने घरों से लेकर मंदिरों तक दीपदान किया। प्रदोषकाल में तिल के तेल से भरे दीपक यमराज के अलावा मंदिरों, मठों, बाग-बगीचों, बावड़ियों और गलियों में जलाए गए। लोगों ने दक्षिण दिशा की ओर मुख करके यम दीप जलाया और यमदेव की पूजा कर निर्भयता की कामना की।
कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि शनिवार को सुबह 10:47 बजे शुरू हुई और रविवार को सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। नरक चतुर्दशी के साथ छोटी दिवाली के रूप में भी पूजन-अर्चन किया गया। शाम ढलने के साथ ही प्रदोषकाल में इस बार हनुमानजी का जन्म मेष लग्न में शाम 4:50 बजे से 6:27 बजे तक रहेगा। जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती, ढैया, महादशा, अंतर्दशा, प्रत्यंतरदशा या गोचर में शनि का प्रभाव कष्टप्रद है, उन्होंने व्रत रखा। घरों के बाहर यम दीप जलाए। मोहल्लों में भी लोगों ने जगह-जगह यम दीप जलाए। इसके साथ ही नदियों, तालाबों और कुंडों आदि में भी दीपदान किया। मान्यता है कि यमराज के नाम से दीपक जलाने पर नरक की यात्रा नहीं भोगनी पड़ती।