दीपावली पर पुलिस लाइन में आयोजित प्रतियोगिता में रंगोली बतातीं महिलाएं । अमर उजाला
वाराणसी। रिजर्व पुलिस लाइन में शनिवार की शाम घर सजाओ इनाम पाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिवाली पर इस प्रतियोगिता की शुरुआत की। इसमें पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त की पत्नी प्रेरणा अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। महिला आरक्षी खुशबू सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में फ्रिज मिला।
आरक्षी सौरभ राय को द्वितीय पुरस्कार में टीवी दिया गया। तृतीय पुरस्कार आरक्षी रितेश सिंह को ओवन के रूप में दिया गया। सात अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के तौर पर प्रेशर कुकर दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को एक हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस परिवारों में स्वच्छता और सृजनशीलता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इसका लक्ष्य उनके आवासीय परिसर को स्वच्छ और आकर्षक वातावरण में बदलना है। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ किया गया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए कई प्रमुख मापदंड निर्धारित किए गए थे। इनमें आवासों की स्वच्छता, साज-सज्जा और हरियाली शामिल थी। पारिवारिक व्यवहार और शारीरिक फिटनेस को भी महत्व दिया गया। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के आचरण व घरों में बनाई गई रंगोली भी मापदंडों का हिस्सा थीं। प्रतियोगिता के तहत पुलिस लाइन को बेहतर बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। सड़क, बिजली, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया गया। प्रकाश और ड्रेनेज सिस्टम को भी सुधारा गया। पुलिसकर्मियों और उनके स्वजनों को अपने आवासों को सुसज्जित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।