नई शिक्षा नीति के तहत सत्र 2024-28 चार वर्षीय आठ सेमेस्टर के शास्त्री प्रथम सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत और सत्र 2022-25 तीन वर्षीय शास्त्री छह सेमेस्टर के पंचम सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक, श्रेणीसुधार, एक विषयक परीक्षा करवाई जाएगी। अब केवल छह दिन ही बचे हैं। ऐसे में कॉपी, पेपर का पैकेट तैयार होने लगा है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र की ओर से पेपर, कॉपी सहित अन्य परीक्षा गोपनीय सामग्री के वितरण पर मुहर लगाते हुए इसका आदेश जारी कर दिया गया है। परीक्षा विस्तार भवन में इसके लिए काउंटर बनाया गया है, जहां से अलग-अलग राज्यों को पैकेट दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों से आने वाले लोगों को कॉपी, पेपर का पैकेट वितरण करने के लिए कर्मचारियों की डयूटी लगा दी गई है।
ऐसे होगा वितरण
- 22 अप्रैल-राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, सिक्किम,दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, जम्मू कश्मीर और यूपी के बरेली, गाजियाबाद, उन्नाव, गोरखपुर समेत 39 जिले।
- 23 अप्रैल-रायबरेली, कानपुर, प्रतापगढ़, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, सोनभद्र, बाराबंकी समेत 23 जिले।