सभी तरह की जांचें हो रही निशुल्क
सारनाथ स्थित ई पीएचसी पर खून से संबंधित जांचें पूरी तरह से निशुल्क हैं। वहां पर डेंगू, मलेरिया, शूगर और खून से संबंधित सभी तरह की जांच करने की सुविधा उपलब्ध है। इसीजी, ब्लड प्रेशर, पल्स आदि की जांच के लिए यहां पर कोई फीस नहीं लिया जा रहा है। हर दिन इस क्षेत्र के मरीज इसका लाभ उठा रहे हैं।
पहली बार आधार कार्ड लेकर आना अनिवार्य
सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक आप कभी भी अपना आधार कार्ड लेकर ई पीएचसी पर इलाज करा सकते हैं। एक बार आधार कार्ड का पंजीकरण हो गया तो उसके बाद आपको केवल अपना पंजीकरण नंबर लेकर ही जाना है। उसकेबाद आपका इलाज बिना किसी देरी किए हो जाएगा।
दवा के लिए नहीं लगानी है लाइन
बीमारी के इलाज केबाद दवा भी तुरंत मिल जा रही है। डाक्टर से सलाह लेने केबाद जो भी दवा डाक्टर ने आपको लिखी है, वह तुरंत कंप्यूटर में आनलाइन दिखने लगती है। वहां पर मौजूद कर्मचारी आपको स्टोर से निकालकर तुरंत दवा दे देगा।
इमरजेंसी मरीजों के लिए एंबुलेंस की सुविधा
अगर ई पीएचसी पर गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज पहुंचता हो तो वहां प्राथमिक उपचार देने केबाद उसको तुरंत एंबुलेंस से दीनदयाल या बीएचयू अस्पताल में पहुंचाने की व्यवस्था वहां पर मौजूद कर्मचारी करते हैं। ई पीएचसी क्रेंद के प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार की इस योजना का लाभ लेने के लिए किसी को कुछ करने की आवश्यकता नहीं है। केवल आपको आधार कार्ड लेकर आना है, वहां यहां पर सभी तरह के इलाज और जांचे फ्री हैं।