Varanasi News: काशी विद्यापीठ में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा शुरू हो गई। विश्वविद्यालय में पिछले दिनों हुई प्रवेश समिति में व्यावसायिक कोर्स में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला लिए जाने का फैसला लिया गया है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए सोमवार से प्रवेश परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन दो पाली में तीन व्यावसायिक कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 2049 अभ्यर्थियों में से 1647 उपस्थित हुए जबकि दोनों पाली को मिलाकर 402 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी है।
विज्ञापन
पिछले साल की तुलना में इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई गई। कुछ अभ्यर्थी जो मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर आए गए थे, उसको बाहर ही रखवा लिया गया था।
विवि में पिछले दिनों हुई प्रवेश समिति में व्यावसायिक कोर्स में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला लिए जाने जबकि सामान्य कोर्स में नियमानुसार मेरिट से दाखिले का फैसला लिया गया है। इसके तहत सोमवार को पहली पाली में सुबह 8 से 10 बजे तक बीपीएड, बीबीए और दूसरी पाली में 3 से 5 बजे तक बीसीए की परीक्षा कराई गई।
विज्ञापन
विवि परिसर के मानविकी संकाय, समाज विज्ञान संकाय में कराई गई परीक्षा व्यवस्था का कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने निरीक्षण कर जायजा लिया। 30 जून को सुबह 8 से 10 बजे तक एलएलबी, एलएलएम और 3 से 5 बजे तक बीएएलएलबी, एमएड, एमपीएड और पीजीडीसीए की प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।