महापौर नगर आयुक्त ने किया घाटों का औचक निरीक्षण छठ और देव दीपावली पर तैयारियों का लिया जायज ! न
छठ पूजा और देव दीपावली से पहले प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा व स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ शनिवार को नमो घाट से लेकर सामने घाट तक और गंगा पार रामनगर के गंगा घाटों का नाव से भ्रमण कर निरीक्षण किया। मेयर ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने शास्त्री पुल स्थित शास्त्री घाट का भी दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर रोशनी के विशेष प्रबंध और बैरिकेडिंग समय रहते पूरी कर ली जाए। सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर महापौर ने दो टूक कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों को समय से पहले पूरी तरह चमका दिया जाए और नावों के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।