बीएचयू में 21 सितंबर को हुए बवाल की मजिस्ट्रेटी जांच लगभग पूरी हो गई है। जांच अधिकारी एडीएम प्रशासन एमएन उपाध्याय अगले सप्ताह तक रिपोर्ट डीएम योगेश्वर राम मिश्र को देंगे। इसके बाद ये रिपोर्ट शासन को भी भेजी जाएगी।
सूत्रों की मानें तो जांच रिपोर्ट में बीएचयू प्रशासन और बीएचयू के सुरक्षाकर्मियों को कटघरे में खड़ा किया गया है। रिपोर्ट में बीएचयू के छात्र और छात्राओं की ओर से दी गई वीडियो क्लिप को भी शामिल किया गया है। वीडियो में सुरक्षाकर्मियों के छात्रों पर लाठियां भांजते दिखने का दावा किया गया है।
बीएचयू प्रशासन अगर छात्रों से समय रहते वार्ता कर लेता और उनकी मांगों को पूरा करने या फिर विचार करने का आश्वासन देता तो हो सकता है कि इतना बड़ी घटना न हुई होती। बीएचयू में हुए बवाल को लेकर जमकर किरकिरी होने के बाद तत्कालीन कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी लंबी छुट्टी पर चले गए थे।