बनारस शहर की विश्वप्रसिद्ध गलियों और गंगा किनारे सुबह-ए-बनारस की सैर को अब और मनोरंजक, सुविधाजनक और आरामदायक बनाने की तैयारी है। अब सैलानियों को सैर के लिए एक रुपये में जीपीएसी सिस्टम से लैस साइकिल मुहैया कराई जाएगी।
फिलहाल शहर के दस रूट इसके लिए चिह्नित किए जा रहे हैं और प्रत्येक रूट के लिए 15 साइकिलें उपलब्ध होंगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन और बंगलूरू की साइकिल कंपनी पैडल के बीच एमओयू साइन हो गया है।
कंपनी ने 200 साइकिलों के रखने के लिए निगम प्रशासन से गोदाम उपलब्ध कराने को कहा है। काशी का सुबह-ए-बनारस पूरी दुनिया में प्रसिद्घ है। घाटों पर अलग-अलग सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियां संचालित होती हैं।
गंगा तट के खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठाने देश-विदेश के पर्यटक यहां पर आते हैं। गलियों से घाटों तक साइकिल की सवारी करते हुए सैलानी अब काशी के खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठा सकेंगे।