गंवई क्रिकेट के ग्लैमर पर काशी फिदा हो गई। सिगरा स्टेडियम में बुधवार की दोपहर इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) का रंगारंग आगाज हुआ।
बॉलीवुड सितारों शमिता शेट्टी और जाएद खान ने जहां पूर्वांचल के ग्रामीण इलाकों से यहां जुटे क्रिकेटरों का हौसला बढ़ाया, वहीं बॉलीवुड सिंगर श्वेता पंडित, तोशी और शारिब ने ग्लैमर के साथ ही क्रिकेट टूर्नामेंट में म्यूजिकल तड़का दिया।
कुल मिलाकर पूरा समारोह यादगार रहा। अरसा बाद सिगरा स्टेडियम में हजारों का हुजूम उमड़ा। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने क्रिकेट के गंवई संस्करण ‘आईजीसीएल’ का उद्घाटन किया।
श्वेता पंडित, तोशी और शारिब ने अपने लटके-झटके से डेढ़ घंटे तक युवाओं का मनोरंजन किया। एक के बाद एक फिल्मी नगमे सुनाकर उन्होंने लोगों को थिरकने पर विवश कर दिया।
हल्की बूंदाबांदी से माहौल और भी रूमानी हो गया। उनका गाना लड़कों की अंगुलियों पर नाचे है जमाना..., मुझको प्यार में..., तेरी बाहों का घेरा... पर श्रोता भी मस्ती में झूमते रहे।
स्टेडियम में बॉलीवुड सितारों को नजदीक से देखने, उनके साथ सेल्फी और ऑटोग्राफ लेने वालों की कतार भी लंबी रही। सुरक्षा में तैनात जवानों को कई बार मुश्किलें भी आईं मगर इन सबके बीच मनोरंजन जारी रहा।