एसआईआर के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद भी अगर किसी का नाम इस मतदाता सूची में नहीं है तो वे फॉर्म छह भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिन पात्र नागरिकों के नाम इस अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोग अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। नाम जुड़वाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। डीएम ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है।
मतदाता अपना नाम
voters.eci.gov.in या
ceouttarpradesh.nic.in पर चेक कर सकते हैं। आवेदन भी इसी पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। इसके साथ ही नाम कटवाने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 10 से 16 अप्रैल तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं पदाभिहित स्थलों पर मतदाता सूची जन सामान्य को देखने के लिए निशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे कार्यालय अवधि में संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर मतदाता सूची देख सकते हैं। इसके अलावा जिले की वेबसाइट
varanasi.nic.in/deo-portal/ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 2730603 (पुरूष-1486874, महिला-1243611, थर्ड जेंडर-118) मतदाता सूची में हैं।