वाराणसी। पावरलूम बुनकरों ने बृहस्पतिवार को कज्जाकपुरा स्थित अधिशासी अभियंता-तृतीय एवं अष्टम कार्यालय पर हंगामा किया। इस दौरान आदमपुर पुलिस की बुनकरों से कहासुनी भी हुई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कच्चीबाग स्थित एक दर्जन से अधिक बुनकरों के पावरलूम की बिजली बिल बकाया के चलते काट दी। इससे नाराज बुनकर अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और हंगामा करने लगे।
इस बीच कुछ बुनकर अधिशासी अभियंता-अष्टम से बिजली काटने का कारण पूछने उनके कार्यालय में घुस गए। इसकी सूचना आदमपुर थाने को दी गई। एक्सईएन अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि बुनकर बात करने आये थे। आदमपुर पुलिस ने बताया कि हंगामा करने वाले बुनकरों को कार्यालय से बाहर किया गया था। अधीक्षण अभियंता-द्वितीय दीपक कुमार ने बताया कि विभाग के पास बुनकरों से बिल वसूली न करने और बिजली नहीं काटने का कोई आदेश नहीं आया है। नया आदेश आने तक बुनकरों से बिजली बिल वसूला जाएगा।