वाराणसी। शहर के कई इलाकों में शनिवार को बिजली बाधित रही। रामनगर उपकेंद्र के चारों फीडर रात दो बजे बंद हो गए। जीवनाथपुर और साहूपुरी उपकेंद्र से ब्रेकडाउन होने पर 11 घंटे के बाद दोपहर एक बजे सारे फीडर नार्मल हुए।
साहूपुरी ओवरलोड होने के चलते पिछले 15 दिनों से जीवनाथपुर से रामनगर टाउन हाल को बिजली मिल रही थी। आंधी के चलते जीवनाथपुर की लाइन बैठ गई। साहूपुरी से लोड लिया तो स्विच यार्ड में लगे ओवरहेड में दो बार ब्लास्ट हो गया। इस पर दोनों उपकेंद्र ने लाइन को ब्रेकडाउन में डाल दिया। मैदागिन, मछोदरी, टाउनहाल, कबीरचौरा आदि इलाके उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्ले में एक से दो घंटे तक बिजली गुल रही। 132 केवी कैंट और राजातालाब की मेन लाइन बंद होने से लोहता उपकेंद्र के सभी फीडर घंटों बंद रहे। तरना उपकेंद्र का पिसोर फीडर नौ घंटा बंद रहा। आंधी के चलते यहां कई तार टूटकर गिर गए थे। रात डेढ़ बजे शुरू हुआ मरम्मत कार्य सुबह 10 बजे समाप्त हुआ। शंकुलधारा में अंधड़ से आजाद नगर और विरोदोपुर में आधे घंटे तक बिजली बाधित रही। यहां तार पर पेड़ गिए गए थे। भेलूपुर उपकेंद्र के सिद्धिगिरीबाग में एलटी तार टूटकर गिर गया था। इससे यहां एक घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। उधर भवानीपुर में सुबह छापेमारी में तीन लोगों को कटिया डालकर बिजली की चोरी करते पकड़ा गया। तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।