गर्मी की वजह से क्षेत्र के लोगों को रात जागकर गुजारी। क्षेत्र के भरत सिंह ने कहा कि बिजली कटौती ने परेशान कर दिया है। शिकायत के बाद अफसर सुनवाई नहीं करते हैं। कंट्रोल रूम का फोन उठता ही नहीं है। गोरख सिंह ने कहा कि बिजली कटौती से निजात के लिए मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय गोरखपुर फोन करना पड़ा था।
बृज एन्क्लेव निवासी संजय ने बताया कि रात 11 बजे अचानक बिजली चली गई। इसके बाद उपकेंद्र पर फोन किया। तब पता चला की तार में फाॅल्ट है। इस फॉल्ट को सही करने में छह घंटे लग गए। इस सिलसिले में अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि फॉल्ट तलाशने में समय लग गया, इसीलिए आपूर्ति देरी से बहाल हो सकी।
बालाजी नगर कॉलोनी निवासी मनीष उपाध्याय ने बताया कि बालाजी नगर कॉलोनी में अंडर ग्राउंड तार में आई समस्या की वजह से दोपहर एक बजे से तीन बजे तक करीब दो घंटे की कटौती हुई। आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल से बिजली की अंधाधुंध कटौती हो रही है। कोई भी समय निश्चित नहीं है। अफसरों का जब मन करता है, तभी बिजली गुल कर देते हैं।
अधीक्षण अभियंता एसके सनोरिया ने बताया कि बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। अप्रैल में ही बिजली खपत 300 मेगावाट से बढ़कर 410 मेगावाट हो गई है। इसके चलते उपकरण फुंकने के कगार पर पहुंच जाते हैं। कई बार कुछ देर का ट्रिप लेना पड़ता है ताकि उपकरण बचाए जा सकें। उनका दावा है कि ट्रिप बमुश्किल दस मिनट का लिया जाता है। जहां देर तक आपूर्ति बाधित रहती है, वहां फॉल्ट ज्यादा बड़ा होता है।