वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को दिल्ली से आए दो व्यापारियों से आयकर विभाग की टीम ने 8 किलो सोना बरामद किया। पहले से मिली सूचना के आधार पर पहुंचे आयकर अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के साथ ही कागजातों की जांच की।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने को राजकोट गुजरात का निवासी बताया। उधर, दोपहर बाद कागजातों की जांच कर उन्हें छोड़ दिया गया।
दिल्ली से बनारस आने वाली इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6 ई 308 से दो स्वर्ण व्यवसायियों द्वारा 8 किलो सोना लेकर आने की सूचना आयकर विभाग की टीम को मिली थी।
इसके बाद तत्काल अपर आयकर आयुक्त उमेश पाठक के निर्देशन में विभागीय अधिकारियों की टीम एयरपोर्ट पहुंची और विमान आने से पहले ही दोनों को पकड़ने की तैयारी शुरू हो गई। विमान जैसे ही हवाई अड्डे पर उतरा दोनों को अधिकारियों ने टर्मिनल भवन में प्रवेश करते ही हिरासत में ले लिया।
पढ़ेंः
मुगलसराय जंक्शन पर GRP को मिली बड़ी सफलता, सात किलो सोने के साथ दबोचा गया तस्कर
जांच के बाद उनके पास से लगभग 8 किलो सोने के आभूषण पाए गए। इसके बाद उन्हें हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में स्थित वीआईपी लाउंज में बैठाया गया और आभूषण से संबंधित कागजात मांगे गए।
पकड़े गए स्वर्ण व्यवसायी संदीप पारिख व नवीन पारिख दोनों राजकोट गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके बाद अधिकारियों ने सोना लेकर आने संबंधी कागजातों की जांच की। इसके लिए राजकोट स्थित फर्म जहां से सोना लाया गया था, वहां से भी सत्यापन कराया गया। अपर आयकर आयुक्त ने बताया कि जांच में सभी कागजात सही पाए गए, ऐसे में व्यापारियों को दोपहर में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पिछले माह भी 7 किलो आभूषण पकड़े गए थे
सोने के आभूषण लेकर पकड़े जाने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले महीने 7 किलो स्वर्ण आभूषण के साथ फू लपुर थाना क्षेत्र के थानेरामपुर गांव निवासी रतन सेठ नामक स्वर्ण व्यवसायी को पकड़ा गया था।
पहले एयरपोर्ट बाद में आयकर अधिकारी रतन को मकबूल आलम रोड स्थित आयकर कार्यालय लाए थे, जहां पूछताछ, जांच के दौरान सेठ कागजात नहीं दिखा पाया था। ऐसे में उसका सोना जब्त कर लिया गया था।