रमजान अब तकरीबन रुखसत हो गया है। शुक्रवार को शहर भर में अलविदा जुमा की नमाज अदा की जाएगी। मस्जिदों में बरकत और बेहतरी की दुआ के लिए हाथ उठेंगे। अलविदा जुमा होने के साथ शुक्रवार को चांद रात होने की खुशी भी मनाई जा सकती है, इसकी पूरी उम्मीद है। अलविदा जुमा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गुरुवार को चांद को लेकर थोड़ी असमंजस की स्थिति रही। शिया समुदाय ने बीते शुक्रवार को ही अलविदा जुमा की नमाज अदा कर ली थी। जबकि सुन्नी समुदाय ने 15 जून को अलविदा जुमा होने का एलान किया था। फिलहाल देर शाम तक शिया समुदाय की ओर से भी ईद का चांद होने की कोई तस्दीक नहीं हुई।
उधर, अलविदा जुमा को लेकर मस्जिदों में तैयारियां होती रहीं। अलविदा जुमा के मद्देनजर नमाजियों की सहूलियत के लिए मस्जिदों में पानी-बिजली आदि के इंतजाम कर लिए गए है। शहर की खास मस्जिदों ज्ञानवापी मस्जिद, लंगड़ा हाफिज मस्जिद, जामा मस्जिद नदेसर, मस्जिद दायम खां पुलिस लाइन, मस्जिद ढाई कंगूरा, मस्जिद धरहरा में अलविदा जुमा पर अच्छी खासी नमाजियों की तादाद जुटती है।
उधर घरों में भी अलविदा जुमा की नमाज अदा करने की नियत और अलविदा जुमा का रोजा रखने की नियत बच्चों ने भी कर ली। अलविदा जुमा और चांद रात होने की उम्मीद में शुक्रवार को बाजारों में भी भीड़ उमड़ी। ईद की खरीदारी का आज अंतिम मौका है।
चांद की तस्दीक होने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भी लोग बाजारों का रुख करेंगे। दालमंडी, नई सड़क से लेकर दशाश्वमेध, गुरुबाग, हथुआ मार्केट समेत शहर के सभी बाजार देर रात तक खुले रहेंगे। मुस्लिम इलाकों में भी खासा चहल पहल होगी।
---