वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में पहले आओ,पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। महाविद्यालय के परमानंदपुर और बुलानाला स्थित परिसर में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए आवेदन पत्रों का वितरण शुरू हो चुका है। अग्रसेन महिला महाविद्यालय में बीए में 12 सौ, बीएससी में चार सौ, बीकॉम में 420, एमए में 550, एमएससी में 90, एमकॉम में 60 पर दाखिले की प्रक्रिया 20 अगस्त से चल रही है। हालांकि अभी आवेदनों की गति सुस्त है।
महाविद्यालय की तरफ से आवेदन की अंतिम तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कुमकुम मालवीय ने बताया कि दाखिले की प्रक्रिया सुरक्षा मानकों के साथ शुरू हो चुकी है। छात्राओं को बीए, बीएससी और बीकाम में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। इस साल कोविड-19 के कारण प्रवेश परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा। छात्राओं के लिए यह निर्देश है कि वह मास्क और सैनिटाइजर के साथ ही महाविद्यालय में आएं।
ये दस्तावेज जरूरी
स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए छात्राओं को अपने समस्त शैक्षणिक अभिलेख, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आकर प्रवेश आवेदन पत्र भर सकती हैं। सुबह 10 बजे से एक बजे तक परीक्षा के आवेदन भरे जा रहे हैं।