वाराणसी। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल खुलते ही औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। इस दौरान उन्हें कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज में निर्धारित समय पर ताला बंद मिला। बीएसए ने लापरवाही मानते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित 10 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई कर उनका एक दिन का वेतन काट दिया।
सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज पहुंचे, जहां विद्यालय पर ताला लटका मिला। इसके बाद वह काशी विद्यापीठ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मंडुआडीह का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरिता राय से ऑनलाइन शिक्षण के बारे में जानकारी ली, जिसके बाद वह ब्लॉक संसाधन केंद्र केशरीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बीआरसी पर चल रहे ऑनलाइन प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इसके बाद वह केशरीपुर कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां विद्यालय की शिक्षिकाएं विद्यालय परिसर को आकर्षक बनाने के लिए दीवारों पर चित्रकारी कर रही थी। देखकर बीएसए ने उनकी सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित किया कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए नए-नए तरीके का प्रयोग करना चाहिए, जिससे उनका शिक्षा के प्रति रुचि पैदा हो।