यूपी के बलिया में चंद रुपयों की खातिर एक बेटे ने पिता को पीट पीट कर मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। जिले के रसड़ा स्थित श्रीनाथ बाबा चौराहा के समीप राजभर बस्ती में यह घटना बीती रात घटी।
बस्ती निवासी गौरीशंकर राजभर (65) कोयला बेचकर रात में अपना पैसा गिन रहा था। इतने में उसका छोटा बेटा त्रिलोकी (18) आया चार सौ रुपया लेकर भाग गया। देर रात में त्रिलोकी नशे में धुत होकर आया तो पैसे के लिए उसकी गौरीशंकर से कहासुनी होने लगी।
इस बीच त्रिलोकी ने डंडे से गौरी शंकर पर हमला बोल दिया। जिससे गौरी शंकर जमीन पर गिर पड़ा। नशे में धुत त्रिलोकी ने अपने पिता को गिरने पर भी डंडे से पिटता रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग एवं परिजन पहुंचते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद त्रिलोकी मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल गौरीशंकर को अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरो ने मृत्यु घोषित कर दिया। मृतक के बड़े पुत्र अर्जुन की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत आरोपी की धर पकड़ में जुट गई।