वाराणसी के पूर्व मंत्री के चिकित्सक बेटे डॉ अभिषेक विक्रम सिंह पर नशा करने और कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। सूत्रों के अनुसार डॉ अभिषेक विक्रम सिंह को गिरफ्तार भी किया जा सकता है। आरोप है कि महिला मित्र के साथ गोवा के पांच सितारा होटल में चिकित्सक और महिला अचेतावस्था में मिले। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पार्टी के दौरान ड्रग्स लेने का चिकित्सक व महिला पर आरोप है। पणजी की कोलगंट थाने की पुलिस ने चिकित्सक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान शहर से गोवा गए पूर्व मंत्री की पैरवी काम नहीं आई। आरोपी चिकित्सक को जेल भेज दिया गया। वहीं, महिला के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैंट थाना अंतर्गत अर्दली बाजार के टैगोर टाउन निवासी पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह के पुत्र डॉ अभिषेक विक्रम सिंह कार्डियोलॉजिस्ट हैं। बुधवार को साप्ताहिक पार्टी के लिए अपने पारिवारिक महिला मित्र के साथ डॉ अभिषेक विक्रम सिंह गोवा गए। यहां वह पणजी में पांच सितारा होटल बुक कराया। पार्टी के दौरान ड्रग्स के ओवरडोज से दोनों अचेत हो गए। पणजी पुलिस के अनुसार महिला के अचेत होने और तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की छानबीन की जा रही है।
क्या बोले पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह
डॉ अभिषेक विक्रम सिंह के पिता और पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी की तरफ से गोवा में एक कॉन्फ्रेंस थी जिसके बाद से पार्टी रखी गई थी। पार्टी में अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। डॉ अभिषेक विक्रम सिंह ने महिला की मदद की। जिसके बाद से उनके बेटे का नाम इसमें जोड़ा जा रहा है।