ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। अब उनको लाइसेंस बनवाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन विभाग के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में सोमवार से घर बैठे ही यह पूरी प्रक्रिया हो जाएगी।
इसके लिए आरटीओ की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। इसमें अपनी जानकारी देने के बाद परीक्षा के लिए दिन और समय का विकल्प आएगा। उस दिन बायोमेट्रिक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। इसमें सफलता के बाद ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा।
पिछले एक सप्ताह से वाराणसी में ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनाया जा रहा था। इसके पीछे लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने की कवायद थी। शुक्रवार को वेबसाइट अपडेट कर शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।
एआरटीओ प्रशासन अमित राजन राय ने बताया कि वेबसाइट अपडेट होने के बाद सोमवार से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके बाद वाराणसी में रहने वाला व्यक्ति इसी वेबसाइट के जरिए ही देश के किसी भी जगह का लाइसेंस यहां रिन्यूअल करवा सकेगा।