राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) वाराणसी की टीम को 12 दिनों के अन्दर ही फिर से सफलता मिली। टीम ने शनिवार की सुबह मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर सियालदह अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पांच किलो दो सौ ग्राम सोना बरामद किया।
सूचना के आधार पर वाराणसी की डीआरआई टीम मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थी। सियालदह अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन के आते ही टीम के सदस्य एसी कोच बी-1 में पहुंच गए और एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।
उसकी कमर में बंधे बेल्ट से सोने के पांच बिस्कुट और हैंडबैग से सोने के टुकड़े बरामद हुए। आरोपी की पहचान संजय सोनी निवासी बेली हावड़ा पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।
सीनियर इंटेलिजेंस आफिसर एके राय ने बताया कि पांच किलो दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ है और इसका मूल्य एक करोड़ 66 लाख रुपये है। बताया कि बांग्लादेश से तस्करी कर सोना कोलकाता लाया गया था और इसे कानपुर भेजा जा रहा था। सोना जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
एके राय ने बताया कि संजय ने स्वीकार किया है कि पश्चिम बंगाल से कानपुर सोने की तस्करी के लिए सिंडिकेट लगा है। दो महीने में वह कई बार सोना कानपुर पहुंचा चुका है। गौरतलब है कि एक मई को डीआरआई ने ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच से 10 किलो सोना बरामद किया था।