यूपी के आजमगढ़ जिले के मूल निवासी व राजकीय मेडिकल कालेज में बतौर फिजियो सेवा दे रहे डॉ. विवेक कुमार सिंह को भारतीय महिला हैंडबॉल टीम का फिजियोथिरैपिस्ट नियुक्ति किया है। डॉ. विवेक की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वे जापान में आयोजित एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम के साथ बतौर फिजियो प्रतिभाग करेंगे।
डॉ. विवेक ने बताया कि 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक जापान के कूमामोटो में एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप आयोजित है। इसमें एशिया के 10 देशों की टीमें प्रतिभाग कर रही है। भारत के अलावा कजाकिस्तान, ईरान, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, साऊथ कोरिया, चाईना, हांगकांग, सिंगापुर शामिल हो रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहे भारतीय महिला हैंडबॉल टीम के साथ बतौर फिजियोथिरैपिस्ट वे प्रतिभाग करेंगे। डॉ. विवेक इससे पूर्व साऊथ कोरिया में आयोजित पैराबैडमिंटन प्रतियोगिता में भारतीय टीम के फिजियो की जिम्मेदारी निभा चुके है।
इसके अलावा राष्ट्रीय खेल में भी यूपी टीम के फिजियों की जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। इतना ही नहीं रणजी व दिलीप ट्रॉफी में भी यूपी क्रिकेट टीम के फिजियों की भूमिका निभा चुके है। 2008 में यूपी सरकार ने विकलांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए इन्हें सम्मानित किया था। डॉ. विवेक को भारतीय महिला हैंडबॉल टीम का फिजियो नियुक्त होने पर जिले में हर्ष का माहौल है।