डॉ. रीना सिंह का खोया हुआ मोबाइल कैंट पुलिस ने उनके कमरे से रविवार को बरामद किया। मोबाइल का लॉक खोलने के लिए उसे टेकनीशियन को इस हिदायत के साथ दिया गया है कि उसके मैसेज, कॉल लॉग, नंबर, तस्वीरें, ऑडियो और वीडियो नष्ट न होने पाएं।
इसके साथ ही डॉ. रीना के पति डॉ. आलोक सिंह, बेटियों, उनके नर्सिगिंहोम के करीबी स्टाफ, नौकरानी और पड़ोसियों का बयान दर्ज करने का काम पुलिस सोमवार से करनवे वाली है। वहीं, पुलिस के अनुसार डॉ. रीना के शव के दोबारा कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सोमवार को मिल जाएगी तो उसके आधार पर भी तफ्तीश आगे बढ़ेगी।
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि डॉ. रीना की मौत के संबंध में दर्ज मुकदमे को लेकर उनके पति सहित अन्य लोगों का बयान जल्द ही दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होते ही उनके कमरे से मिले सुसाइड नोट का सत्यापन भी करा लिया जाएगा। सामने आए तथ्यों और साक्ष्य के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।