बीएचयू में कार्यकारिणी परिषद की बैठक में हुए कई अहम निर्णय
- फोटो : अमर उजाला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की गुरुवार को बीएचयू होल्कर भवन में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। तीन हजार कर्मचारियों को जीपीएफ के दायरे में लाने को मंजूरी दी गई। वहीं, बीएचयू के रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंता पद पर हुई नियुक्ति को अनुमोदित किया गया।
इसी के साथ संयुक्त कुलसचिव (आरएसी) डॉ. नीरज त्रिपाठी विश्वविद्यालय के नए रजिस्ट्रार बन गए हैं। जबकि, संयुक्त कुलसचिव (शिक्षण) डॉ. एमके पांडेय अब बतौर परीक्षा नियंता जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी परिषद की बैठक में आईआईटी कानपुर के प्रो. नचिकेता तिवारी, प्रो. वी कुटुंब शास्त्री, पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत, प्रो. चित्तरंजन ज्योतिषी, पूर्व कुलपति प्रो. डीपी सिंह, एम्स के निदेशक डॉ. महेश चंद्र मौजूद रहे।
परिषद के सदस्यों ने पिछले दिनों चयन समिति द्वारा शिक्षण और गैर शिक्षण पदों पर की गई नियुक्तियों पर मुहर लगाई। सीधी भर्ती के भी कई लिफाफे खोले गए। वहीं इन्वेस्टमेंट कमेटी की बैठक की संस्तुतियों को भी अनुमोदित किया गया।
डिस्टिंग्विस्ड व इमेरिटस प्रोफेसरों की नियुक्ति के प्रस्ताव पर भी कार्यकारिणी परिषद ने मुहर लगाई। जिन तीन हजार कर्मचारियों को जीपीएफ के दायरे में लाया गया है, वे अब तक सीपीएफ (कंबाइंड प्रॉविडेंट फंड) के दायरे में थे। पिछले कई वर्षों से वे जीपीएफ की मांग कर रहे थे।