इंडियन मेडिकल एसोसिएशन(आईएमए) वाराणसी शाखा के अध्यक्ष डॉ. कार्तिकेय सिंह और सामाजिक सचिव डॉ. अतुल सिंह को ब्लड बैंकों के सुदृढ़ीकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर गठित स्टैंडिंग कमेटी में शामिल किया गया है।
डॉ. कार्तिकेय सिंह ने बताया कि आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. सहजानंद प्रताप सिंह के निर्देशन पर गठित कमेटी का चेयरमैन डॉ. आर पलानी स्वामी को बनाया गया है। कमेटी की ओर से रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्तदाताओं को जागरूक करने के साथ ही ब्लड बैंक में ब्लड सेफ्टी आदि की निगरानी की जाती है। कमेटी में राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, तमिलनाडू, उत्तर प्रदेश, बिहार, नई दिल्ली के चिकित्सकों को शामिल किया गया है। डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि कमेटी के सदस्यों के साथ समय-समय पर परामर्श कर ब्लड बैंकों की सुविधाओं सहित अन्य दिशा में प्रयास कराए जाएंगे। कमेटी के गठन का उद्देश्य देश के विभिन्न जिलों में आईएमए ब्लड बैंक की स्थापना है। दोनों पदाधिकारियों के चयन पर आईएमए के सचिव डॉ. आरएन सिंह के साथ ही आईएमए के स्टाफ रामकुमार, संदीप, सनी आदि ने शुभकामनाएं दी है।