बीएचयू के संस्कृत विद्या एवं धर्म विज्ञान संकाय में नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. फिरोज खान के अगले कदम का सभी को बेसब्री से इंतजार है। दरअसल, नियुक्ति के 20 दिन बाद भी यह तय नहीं हो पाया है कि वो कब से विभाग जाएंगे और कक्षाएं लेंगे। इस बीच 29 नवंबर को सुबह आयुर्वेद संकाय के संहिता एवं संस्कृत विभाग में साक्षात्कार में शामिल होने वालों की सूची बीएचयू की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। इसमें भी डॉ. फिरोज का नाम पहले नंबर पर है।
साक्षात्कार को लेकर आईएमएस बीएचयू के एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने फेसबुक पर पोस्ट भी डाला है, जिसमें संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में डॉ. फिरोज खान के विरोध को गलत बताया है। अपने अलग-अलग पोस्ट के माध्यम से उन्होंने डॉ. खान के आयुर्वेद में साक्षात्कार देने के फैसले पर भी सवाल खड़ा किया है। उन्होंने फिरोज की फोटो के साथ ही 29 को होने वाले साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सूची भी डाली है। उधर कमेंट में ही लोगों ने फिरोज के आयुर्वेद की बजाय कला संकाय के संस्कृत में जाने को ज्यादा तरजीह देने की बात भी लिखी है।
संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में फिरोज की नियुक्ति के विरोध में छात्रों ने बुधवार को सिंह द्वार से मशाल जुलूस निकाला। इसमें दूसरे विश्वविद्यालय, कॉलेजों के छात्रों ने भी बढ़चढ़कर भागीदारी की। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कुलपति से डॉ. खान की नियुक्ति को रद्द करने की मांग की। कहा कि संकाय में फिरोज की नियुक्ति महामना के मूल्यों और आदर्शों के विपरीत हैं।
बीएचयू में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में डॉ. फिरोज खान की नियुक्ति का विरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच आयुर्वेद में 29 नवंबर को डॉ. फिरोज का साक्षात्कार होना है, जिसकी तैयारी में डॉ. फिरोज जुटे हैं। इस बीच बुधवार को कला संकाय के संस्कृत विभाग में साक्षात्कार की तिथि जारी होने के बाद भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। यहां चार दिसंबर को सुबह 8 बजे होलकर हाउस में साक्षात्कार कराया जाएगा। अभी 209 योग्य अभ्यर्थियों और आठ अयोग्य अभ्यर्थियों का नाम शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थियाें वाले 209 की सूची में डॉ. फिरोज का नाम 121वें नंबर पर हैं। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से 28 नवंबर को मेरिट लिस्ट और स्कोर वाली सूची जारी की जाएगी।