विश्वनाथ चौधरी ने बताया कि वह इस मामले में दो बार नगर आयुक्त से मिलकर प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात की थी और उनको भी लिखित प्रार्थना पत्र दिया था मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हमें बस आश्वासन दिया गया है। अगर 72 घंटे के अंदर दाह संस्कार स्थल कब्जा मुक्त नहीं होगा तो हम कार्य बहिष्कार कर देंगे और दाह संस्कार करना बंद कर देंगे। जब मुख्यमंत्री यहां आएंगे तो हम लोग दाह संस्कार करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर निगम दोनों की रहेगी। प्रशासन से मांग है कि जहां पर कब्जा है उसे मुक्त कराया जाए नहीं तो 72 घंटे के बाद दाह संस्कार बंद कर देंगे।
मुख्यमंत्री से भी लगाई गुहार
डोमराजा विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि हम लोग मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि अगर 72 घंटे के अंदर मुख्यमंत्री इसको संज्ञान में नहीं लेंगे तो हम लोग शवदाह संस्कार बंद कर देंगे।
क्या बोले अधिकारी
मणिकर्णिका घाट पर अतिक्रमण क्यों और किस परिस्थिति में हुआ, अधिकारियों को भेजकर दिखवाया जाएगा। अतिक्रमण होना ठीक नहीं है। इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। -हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त