वाराणसी। आदमपुर थाना के सलेमपुर निवासी डॉ. रफी परवेज का शव सोमवार को लाटसरैया स्थित कब्रिस्तान से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की संभावना है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार उनकी ओर से तैयारी है लेकिन डॉ. रफी की मां अफरोजा से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
डॉ. रफी की मौत तकरीबन साल भर पहले आजमगढ़ स्थित उनकी ससुराल में हुई थी। उनके शव को लाटसरैया स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया था। डॉ. रफी की मां अफरोजा ने एसपी आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि उनके बेटे की स्वाभाविक मौत नहीं हुई थी। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है। इस पर एसपी आजमगढ़ ने डीएम वाराणसी को प्रार्थना पत्र भेज दिया। डीएम सुरेंद्र सिंह ने डॉ. रफी का शव कब्र से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया है। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश चंद्र ने बताया कि कब्र से शव निकाल कर पोस्टमार्टम कराने के लिए हम तैयार हैं। जिस महिला ने प्रार्थना पत्र दिया था उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। संभावना हैं कि वह सोमवार को आएंगी तो शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।