जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर और कर्मचारी रात्रिकालीन ड्यूटी नहीं कर रहे हैं, इस वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमओ के दौरे में इसका खुलासा हुआ है। गुरुवार की देर रात सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने जिले के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर रात्रिकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कई केंद्रों पर चिकित्सक-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनका वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने अधीक्षकों को रात्रिकालीन ड्यूटी में लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया।
गुरुवार देर रात सबसे पहले सीएमओ पुआरी कला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे यहां रोस्टर के अनुसार चिकित्सक उपस्थित नहीं मिले, जिस पर अधीक्षक डॉ. दीपकेश्वर प्रसाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके अलावा अधीक्षक समेत डायूटी से गायब रहे डॉ. राहुल सिंह, डॉ. प्रणय का एक दिन का वेतन रोकने और अधीक्षक को रात्रिकालीन ड्यूटी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आदेश दिया।
चेतावनी दी कि इस घटना की पुनरावृत्ति होने पर सभी चिकित्सकों को उत्तरदायी मानते हुए प्रतिकूल प्रवृष्टि देते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद चिरईगांव पीएचसी पहुंचे जहां वार्ड ब्वाय राधेश्याम अनुपस्थित मिले, इस पर अधीक्षक को वेतन रोकने, वार्ड ब्वाय का जवाब तलब करने का निर्देश दिया। बताया कि संक्रामक रोग, आकस्मिक सेवाओं और रात्रिकालीन ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सक, कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अपर और उप मुख्य चिकित्साधिकारियों को रात में दौरा करने का निर्देश दिया।