स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और वीडीए वीसी पुलकित गर्ग के साथ बैठक की।
पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान सड़क के किनारे पटरियों पर दुकान लगाकर सामानों की बिक्री कर रहे छोटे दुकानदारों को न हटाया जाए। पुलिस उन्हें परेशान बिल्कुल न करें। राज्यमंत्री ने कहा कि दीपावली में छोटे-छोटे झालर, दाना, दीया, बत्ती, खिलौने की बिक्री करने वालों की यह जीविका का साधन है। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए की दुकानदार पटरियों पर रखकर अपना सामान बेच सके और यातायात सुगमता से चलता रहे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रमुख मार्गों पर जहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, वहां की सड़कों के दोनों तरफ समान दूरी पर 8 फीट स्थान का निर्धारण कर सफेद पट्टी का निशान लगा दिया जाए, ताकि इन मार्गों पर दुकानों से खरीदारी करने वाले आम लोग अपने वाहनों को इस स्थान पर पार्क कर सके और बिना वजह पुलिस वाहनों का चालान न कर सके।