आईआईटी बीएचयू के बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र अविनाश मिश्रा की मौत के बाद उसके साथी एक बार फिर सोमवार को आईआईटी निदेशक कार्यालय पहुंच गए। छात्रों ने अविनाश के इलाज में डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक की मेडिकल रिपोर्ट को सार्वजनिक करने और आईआईटी के विद्यार्थियों के लिए अलग हेल्थ सेंटर की मांग करते हुए वहीं धरना शुरू कर दिया।
रात करीब 11:30 बजे निदेशक प्रो. राजीव संगल पहुंचे और छात्रों को आश्वस्त किया कि टास्क फोर्स गठित कर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। तब जाकर छात्रों ने रात करीब सवा बारह बजे धरना खत्म किया। आईआईटी बीएचयू के छात्र अविनाश मिश्रा की मौत शनिवार की देर रात सर सुंदरलाल अस्पताल में हो गई थी। छात्रों का आरोप है कि उसके इलाज में लापरवाही की गई है। छात्रों ने आईआईटी के छात्र सांसदों को इन मुद्दों पर बातचीत के लिए रात नौ बजे बुलाया। बैठक में छात्रों ने अपनी मांगे रखीं।