होली के बाद अपने कार्य स्थलों को लेकर लौटने वालों को इस बार परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस बार रेलवे की ओर से चलाई गई स्पेशल ट्रेनों में नई दिल्ली और मुुंबई की ओर लौटने वाले यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध है। मुंबई और दिल्ली जाने वालों को इस बार बोगियों में खड़े होकर नहीं जाना पड़ेगा। यात्री इन स्पेशल ट्रेनों में टिकट बुक कर आरामदायक सफर कर सकते हैं।
मऊ से खुलकर वाराणसी कैंट के रास्ते मुंबई जाने वाली 01120 होली स्पेशल मऊ-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में 15 मार्च तक स्लीपर, सेकेंड एसी और थर्ड एसी में बर्थ उपलब्ध है। यह ट्रेन रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर रात 11 बजे खुलेगी।
इसी तरह 02048 बनारस-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 17 मार्च को सुबह 8 बजे कैंट स्टेशन से मुंबई के लिए खुलेगी। इस ट्रेन में सभी श्रेणी की सीटें उपलब्ध हैं। बनारस से नई दिल्ली के लिए चलने वाली 04223 वाराणसी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन में 13, 14 और 15 मार्च तक बर्थ उपलब्ध है। यह ट्रेन कैंट रेलवे स्टेशन से सुबह 8.30 बजे खुलेगी।
कैंट रोडवेज बस स्टेशन से लखनऊ, कानपुर और आगरा के लिए दो-दो घंटे के अंतराल पर बस सेवा जारी है। वाराणसी से लखनऊ के लिए सुबह 8 बजे वाल्वो, 9 बजे स्कैनिया और 10 बजे जनरथ, 11 बजे जनरथ और शाम 5 बजे, रात 9 बजे, 9.30 बजे, 10 बजे और अंतिम बस सेवा 10.30 बजे तक है। इन बसों में टिकट आनलाइन बुक करा लेने से सीट कंफर्म मिल जाएगी।