पांच बार शिकायत, नहीं मिला कब्जा
शिवपुर निवासी सरिता देवी ने कहा कि सदर तहसील में पांच बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन जमीन पर कब्जा नहीं दिलवा रहा। आरोप लगाया कि विपक्षी बिल्डर उन्हें अपनी पहुंची की बदौलत दबा रहा है। वे अपनी तीन बेटियों को लेकर जीवन यापन कर रही हैं। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
केस-2
बेटा कर रहा प्रताड़ित, नहीं हुई कार्रवाई
रेलवे से सेवानिवृत्त ईश्वरी दयाल पांडेय ने शिकायत की कि उनका बेटा ही उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। इसके लिए पहले भी सदर तहसील में शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम के आदेश के बाद भी संपत्ति से बेटे को बेदखल नहीं किया जा रहा है। इसके चलते लड़का लगातार उन्हें परेशान कर रहा है।
केस-3
सरकारी ट्यूबवेल बने तो हो सिंचाई
राजातालाब तहसील से पहुंचेहरिश्चंद्र वर्मा ने शिकायत की है कि सरकारी ट्यूबवेल और नाली की समस्या है। जिसके चलते आसपास के लोगों को सिंचाई करने में दिक्कते आ रही हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों ने शिकायत के निस्तारण करने की बात कही।
केस-4
खतौनी में गलत नाम चढ़ाया
राजातालाब के सुदामा ने शिकायत की है कि खतौनी में गलत नाम है। इसे सुधरवाने के लिए आवेदन किया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही हाल रहा तो उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी होगी। इस पर अधिकारियों ने मामले के निस्तारण का आश्वासन दिया।
शासन की ओर से अब प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस निर्देश दिया गया है। इसके तहत शनिवार को तीनों तहसील पिंडरा, सदर और राजातालाब पर जनता की शिकायतें सुनी गईं। पिंडरा तहसील पहुंचे जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने जनता की शिकायतें सुनीं। भीमचंडी निवासी बांके बसंतपुर में अवैध कब्जे की शिकायत शिवशंकर पांडेय ने की थी। मगर लेखपाल ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई। इस पर कोर्ट ने अर्थदंड की धनराशि खजाने में जमा कराने का आदेश दिया। इसका पालन नहीं करने से खफा डीएम ने अमीन संतोष कुमार को निलंबित करने और लेखपाल मोहम्मद अय्यूब को तत्काल राजातालाब तहसील पर स्थानांतरित करने का आदेश दिया। शिकायती पत्रों को हर हाल में एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने को कहा।
इस दौरान अधिकतर भूमि विवाद से जुड़े मामले आए। सरायतक्की गांव के सियंबर ने श्रम विभाग द्वारा शादी अनुदान की धनराशि न मिलने की शिकायत की। कोईराजपुर के राजेंदर ने चकबंदी से राजस्व अभिलेख में हेरा-फेरी की शिकायत की। डीएम ने उप संचालक चकबंदी को जांच का आदेश दिया। गड़खड़ा के रामप्रवेश पांडेय ने नाली मरम्मत, भोपापुर की नीलम ने दबंगों द्वारा मारपीट करने की शिकायत की। जिस पर डीएम ने एसओ चोलापुर को एफआईआर करने को कहा।
तीनों तहसीलों में 246 में से सिर्फ 15 शिकायतों का समाधान
कुल 246 शिकायतों में से 15 का मौके पर निस्तारण हुआ। पिंडरा में 73, सदर में 82 और राजातालाब में 91 शिकायतें आईं। इन में से पिंडरा में 5, सदर में 3, राजातालाब में 7 शिकायतों का मौके पर समाधान हुआ। बता दें कि पहले मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन होता था। वहीं कमिश्नर दीपक अग्रवाल और आईजी एसके भगत चंदौली में जनता की समस्याएं सुनीं।